पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) अरवल, जहानाबाद एवं गया जी जिलों की चार महत्वपूर्ण योजनाओं का माननीय उप मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

● उप मुख्यमंत्री ने कहा…मुझे खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में इन योजनाओं का सूत्रण हुआ जिसका शुभारंभ नए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल में हो रहा है।
● कहा कि इन योजनाओं के शुभारंभ से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
पटना, 23 मई 2026 आज जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित पटना, अरवल, जहानाबाद एवं गया जी जिले की चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी के कर-कमलों द्वारा किया गया।
पटना जिले के पालीगंज प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर ग्राम में ASHA (Automated Solar-Powered High-Efficiency Irrigation Water Application) मॉडल आधारित डोरवां वितरणी में उपलब्ध सतही जल को सौर ऊर्जा आधारित प्रेशराईज्ड पाईप के माध्यम से वितरण की योजना का कार्यारम्भ उप मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अपने प्रकार की एक अनोखी योजना है। इस योजना के माध्यम से किसानों को आवश्यकता के अनुरूप समय पर सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
यह एक पायलट परियोजना के रूप में शुरू की गई है तथा इसके सफल क्रियान्वयन के उपरांत इसे राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा भविष्य में इसका विस्तार व्यापक स्तर पर किया जाएगा। मुझे खुशी है कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में इन योजनाओं का सूत्रण हुआ जिसका शुभारंभ नए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल में हो रहा है।
इसके अतिरिक्त सिंचाई प्रमंडल, जहानाबाद की महत्वाकांक्षी सिंचाई योजनाओं के पुनर्स्थापन एवं सम्पोषण कार्य का शुभारम्भ उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी द्वारा रिमोट से किया गया। उप मुख्यमंत्री ने शुभारंभ के मौके पर कहा कि इस योजना के शुरू होने से लगभग 360 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसानों को कृषि कार्य में काफी सहूलियत होगी तथा कृषि उत्पादकता में वृद्धि भी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के कार्यारंभ से जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत पुनहदा, पंडितपुर, श्रवणबिगहा, सिकन्दरपुर, गुलाबगंज, पाण्डेयचक, ब्रह्मस्थल सहित अन्य गाँव लाभान्वित होंगे।
इसी क्रम में अरवल जिला अंतर्गत अरवल प्रखंड में पटना मुख्य नहर के बायें बांध-सह-सोन सुरक्षा तटबंध पर बैदराबाद में राष्ट्रीय राज्य मार्ग-139 से कोरियम मोड़ तक कालीकृत सड़क निर्माण योजना का कार्यारम्भ माननीय उप मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया। योजना का कार्यारम्भ करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के आधारभूत संरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इस सड़क निर्माण योजना के पूर्ण होने से अरवल जिला की जनता को आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
वहीं, गया जिले के टेकारी प्रखंड अंतर्गत पंचमहला ग्राम स्थित उत्तर मोरहर नदी पर पक्का बांध निर्माण कार्य का कार्यारम्भ भी माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह योजना लंबे समय से स्थानीय किसानों की मांग थी, जिसका अब शुभारंभ किया गया है। इस योजना से टेकारी प्रखंड के 10 गांवों के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।
उक्त कार्यक्रमों में माननीय विधायक, मखदुमपुर श्री सुबेदार दास, माननीय पूर्व सांसद, जहानाबाद श्री चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी, माननीय पूर्व सांसद, जहानाबाद डॉ.अरुण कुमार, माननीय विधायक मनोज शर्मा, अरवल, टेकारी (गया जी) के पूर्व विधायक डॉ. अनिल कुमार एवं जिला प्रशासन व जल संसाधन विभाग के वरीय पदाधिकारी सहित स्थानीय जन- प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
