पटना, विक्रम कुमार : बाजार की सुस्ती के बावजूद ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान, पटना ने प्लेसमेंट सत्र 2026 में 90% छात्रों को नौकरी दिलाने में सफलता हासिल की है।

संस्थान की निदेशक एवं अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 172 से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन 45 कंपनियों में हुआ है। संस्थान का औसत पैकेज 6.50 लाख रुपये वार्षिक रहा।
उच्चतम पैकेज 17.35 लाख
मॉन्सटर बेवरेजेस कॉरपोरेशन ने छात्र असीम बनर्जी को 17.35 लाख रुपये वार्षिक का सबसे बड़ा पैकेज दिया। अन्य प्रमुख ऑफर में इंडिगो पेंट्स ने 9 लाख, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने 8 लाख और कॉम्फेड ने 7.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज दिया।
प्लेसमेंट पाने वाली कंपनियों में मॉन्सटर बेवरेजेस, वरूण बेवरेजेस, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, ITC, इंडिगो पेंट्स, प्रेस्टीन लॉजिस्टिक्स, हिमालया वेलनेस, TCI एक्सप्रेस, कॉम्फेड, अमूल, जीविका, टाटा AIG, HDFC लाइफ जैसी प्रतिष्ठित फर्में शामिल हैं।
डॉ. विजयलक्ष्मी ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्लेसमेंट सेल व उद्योगों के सहयोग से संभव हुई।
संस्थान के कुलसचिव सुधीर कुमार ने बताया कि LNMU छात्रों को शैक्षणिक के साथ-साथ संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देता है ताकि वे प्रतिस्पर्धा में अलग पहचान बना सकें।
गौरतलब है कि LNMU पूरी तरह सरकारी संस्थान है, जिसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री और कार्यकारी अध्यक्ष उच्च शिक्षा मंत्री होते हैं।
