पटना, अजित। पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश मंटू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से एक कट्टा, एक जिंदा गोली और एक तलवार बरामद किया है। जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी मंटू का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह कट्टा और तलवार लहराते हुए दिखाई दे रहा था. वीडियो सामने आने के बाद परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महोली इलाके में दबिश देकर आरोपी मंटू को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक तलवार बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को थाना लाकर पूछताछ शुरू कर दी है. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि इलाके में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
