अररिया, रंजीत ठाकुर खेलो इंडिया खेलो बिहार योजना के तहत भरगामा प्रखंड क्षेत्र के पैकपार पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को स्थानीय मुखिया धनंजय ऊर्फ भन्टु सिंह ने खेल मैदान का शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पंचायत में एक खेल मैदान हो। खेल मैदान में रनिंग ट्रैक कोर्ट,बास्केटबॉल,बॉलिबॉल व बैडमिंटन खेल की सुविधा उपलब्ध रहेगी। बताया गया कि बिहार सरकार की तरफ से युवाओं को बड़ा तोहफा मिलने वाला है। इन खेल ग्राउंड में पंचायत के खिलाड़ी,सेना और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा प्रैक्टिस करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रत्येक पंचायत में मनरेगा से अधिकतम 10 लाख रुपए तक का एक-एक खेल मैदान बनाया जाएगा। जिसमें जिला से लेकर ग्रामीण स्तर तक के युवा विभिन्न खेल के माध्यम से अपना कैरियर बना सकेंगे। बड़े साइज का खेल मैदान चार एकड़,मध्यम खेल मैदान में 1.5 एकड़ एवं छोटे खेल मैदान एक एकड़ में बनाया जा रहा है। इस मैदान कैंपस के अंदर जगह के हिसाब से वालीबॉल,बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी और रनिंग ट्रैक रहेगा। इस मौके पर मुखिया धनंजय उर्फ भन्टु सिंह के अलावे पीआरएस सुनील सिंह,सामजिक कार्यकर्ता अनिल सिंह,रामनारयण मंडल,रमेश यादव,बिजली यादव,क़ासिम जमशेद,सुनील मंडल,नीरज मेहता आदि मौजूद थे।
