अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में 56वीं एसएसबी बथनाहा द्वारा सीमावर्ती गांव में नियमित रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण चलाया जा रहें हैं । इसी कड़ी में आज बुधवार 17 जनवरी 2024 को एसएसबी द्वारा मध्य विद्यालय बेला में सीमावर्ती ग्रामीण किसानों के लिए 15 दिवसीय निःशुल्क मशरूम फार्मिंग कोर्स चलाये जा रहे थें जिसका आज बुधवार को समापन कराया गया है। यह कोर्स उषा बुटीक फारबिसगंज द्वारा चलाया गया। जिससे ग्रामीण किसान सुविधाजनक तरीके से अपने गांव में ही रहकर कोर्स को संपन्न कर पाए।
मौके पर उपस्थित समस्त प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए 56वीं वाहिनी के उप कमांडेंट सह प्रचार अधिकारी रोमेश याईखोम ने कहा कि सेवा, सुरक्षा व बंधुत्व के मूल ध्येय वाक्य के साथ सशस्त्र सीमा बल आप सभी के सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा ऐसा प्रशिक्षण को शुभारंभ करने का मूल उद्देश्य है कि आप सभी आत्मनिर्भर बनें और सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत करें। प्राकृतिक खाद्य के उपयोग पर ज्यादा से ज्यादा बल देते हुए उन्होंने कहा कि आजकल बहुत सारी रासायनिक कीटनाशक और रासायनिक खाद के उपयोग के कारण उससे उपजी हुई फसल हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक होता है।
इसलिए आप सभी ज्यादा से ज्यादा प्राकृतिक खाद्य का प्रयोग करें और उसे उपजाए हुए खाद्य सामग्री को ग्रहण करें जो कि हम सभी के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। मैं यहां उपस्थित प्रशिक्षुओं को कोर्स को सफलतापूर्वक ग्रहण करने के लिये हार्दिक बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि आप सभी आगे भी नियमित रूप से कोर्स को पूर्ण करेंगे तथा एसएसबी द्वारा कराए जा रहे इस कौशल विकास प्रशिक्षण को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के किसान जब आत्मनिर्भर होंगे, तब हमारे देश का सर्वांगीण विकास संभव हो पाएगा।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट रोमेश याईखोम द्वारा उपस्थित समस्त प्रशिक्षुओं को कोर्स से संबंधित प्रमाण पत्र सम्मान पूर्वक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उषा बुटीक स्कूल फारबिसगंज के मैनेजर द्वारा 15 दिवसीय मशरूम फार्मिंग कोर्स के महत्व के बारे में उपस्थित समस्त किसानों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित श्याम सुंदर मंडल, विनोद मेहता, बालकृष्ण मेहता,धर्मेंद जी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने एसएसबी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम की काफी सराहना की। कार्यक्रम में 56वीं वहिनी ई कंपनी के सहायक कमांडेंट राणा कुमार, निरीक्षक सुरेन्द कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुभाष लामा, उषा बूटीक की प्रशिक्षिका प्रियंका कुमारी, स्थानीय किसान व ग्रामीण सहित जवान उपस्थित थे।
