पटना, रॉबीन राज। पटना सिटी अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों बाइक चोर गिरोह के सदस्य पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बाइक चोरी की घटना को लगातार अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। मानो बाइक चोर को पुलिस का जरा सा भी खौफ़ नहीं हैं। क्या दिन क्या रात और क्या सुबह ज़ब चोरों का मन हुआ तब बाइक की चोरी कर बड़े आराम से रफू चक्कर हो जा रहे हैं। एक ही माह के अंदर में तीन बाइक की चोरी की घटना से लोगों मे भय का महौल बन गया हैं। ताजा मामला चौक थाना क्षेत्र के बाड़े की गली का है, जहां कोचिंग में पढ़ाने गए शिक्षक प्रणव आनंद की गाड़ी कोचिंग के बाहर से ही चोरी हो गई। फ़िल्मी अंदाज में युवक गाड़ी को घुमाया और बड़े आराम से लेकर भाग निकला। जिसकी पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे मे कैद हो गई। वहीं बीते 19 सितम्बर को चौक थाना क्षेत्र के एसबीआई बैंक शाखा के आगे से बाइक चोर दिन के उजाले में ही बाइक लेकर फरार हो गए जिसका भी अभीतक कुछ पता नहीं चल सका हैं।
वहीं इसी माह में बीते 3 सितम्बर को चौक थाना क्षेत्र के कचौड़ी गली से चोरी हुई बाइक राजधानी में चर्चा का विषय बना रहा। ज़ब बाइक चोरी भी हो गई और मालिक के नंबर पर चालान का मैसेज भी आगया। अज्ञात चोरों ने पत्रकार की गाड़ी को निशाना बनाते हुए घर के बाहर से ही बाइक की चोरी कर फरार हो गए। वहीं चोरी होने के अगले दिन पत्रकार के मोबाइल पर बिना हेलमेट का चालान पहुंच गया। लेकिन अभी भी पुलिस के हाथ खाली है, ना ही बाइक चोर पकड़ाया और ना ही अभी तक बाइक बरामद हुआ है। ऐसे में लोग काफी परेशान है और अब लोगों को बाइक चोरी होने का डर सताने लगा है।ऐसे में लोग बाइक लेकर घर से बाहर ले जाने में कतराने लगे है। फिलहाल इस पूरे मामले पर पटना सिटी एएसपी आर.एस सरथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि सभी सीसीटीवी फुटेज को निकालकर कारवाई की जा रही है। अब देखने वाली बात यह है की आखिर कबतक बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया जाता है, या फिर इसी तरह बाइक चोरी की घटना लगातार होते रहेगी?
