पटना(न्यूज क्राइम 24): जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री राजीव मिश्रा ने कहा है कि ईद-उल-फित्र के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी सम्बद्ध पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें। अधिकारीद्वय आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में इस विषय पर आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा ने कहा कि सभी स्तर- अंचल, अनुमंडल एवं जिला- के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत कर्तव्य के प्रति मुस्तैद रहेंगे तथा उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, अचूक सुरक्षा व्यवस्था तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करेंगे।
विदित हो कि इस वर्ष ईद का त्योहार चाँद के दृष्टिगोचर होने के अनुसार दिनांक 22 अप्रैल, 2023 को मनाये जाने की संभावना है। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा द्वारा अनुमंडलवार तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों/अपर पुलिस अधीक्षकों, नगर पुलिस अधीक्षकों तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से एक-एक कर पृच्छा की गई एवं तैयारियों का जायजा लिया गया।
डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा ने कहा कि आवश्यकतानुसार सभी प्रशासनिक तैयारियाँ सुनिश्चित की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़-नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था संधारण के मानकों तथा आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय पहुँच जाएंगे तथा कार्यक्रम समाप्ति तक मुस्तैद रहेंगे। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता, निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। भा0दं0वि0 संहिता की धारा 153 के अंतर्गत साम्प्रदायिकता फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध दण्ड देने का समुचित प्रावधान है। ये धाराएँ अब संज्ञेय और गैर जमानती है। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके द्वारा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी। गाँधी मैदान, पटना में नमाजियों के लिए सभी प्रशासनिक व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है।
डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/थानाध्यक्ष/सीओ/एसडीओ/एसडीपीओ की विशेष जिम्मेवारी है। सभी संबंधित पदाधिकारियेां को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत शांति समिति की बैठक करने को कहा गया है। थानाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को आसूचना तंत्र को सुदृढ़ कर विधि-व्यवस्था संधारण को सफल बनाने का निदेश दिया गया है। थानाध्यक्ष ही अपने-अपने इलाके में विधि-व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी हैं। एसडीओ एवं एसडीपीओ अपने-अपने संबंधित थाना क्षेत्र में पर्व के दरम्यान 24 घंटे गश्ती की व्यवस्था अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे।
क्यूआरटी को तैनात रखने का निदेश दिया गया है। डीएम डॉ. सिंह व एसएसपी श्री मिश्रा ने पदाधिकारियों को अभी से ही अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च शुरू करने, वाहनों, होटल, लॉज, गेस्ट हाउस का जाँच करने तथा मोबाइल पेट्रोलिंग करने का निदेश दिया है। अधिकारीद्वय ने पदाधिकारियों को सभी भागीदारों (स्टेकहोल्डर्स) से स्वस्थ एवं सार्थक संवाद बनाए रखने को कहा।
डीएम डॉ. सिंह व एसपी श्री मिश्रा ने कहा कि ईद-उल-फित्र शांति एवं सौहार्द्र का पर्व है। इससे आपसी भाईचारा का मार्ग प्रशस्त होता है। आज के इस बैठक में डीएम व एसएसपी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक मध्य, पूर्वी, पश्चिमी, पुलिस अधीक्षक यातायात, सभी अनुमंडलाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य भी उपस्थित थे।
