बिहार

पटना की मसौढ़ी जेल में वायरल वीडियो ने मचाई खलबली

पटना, अजित यादव। राजधानी से महज 35 किलोमीटर दूर मसौढ़ी उपकारा से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें बंदी खुलेआम शराब पार्टी करते, गांजे का कश लगाते और मोबाइल फोन पर बात करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में एक बंदी स्पष्ट रूप से कहता नजर आ रहा है—”दारू चल रहा है मसौढ़ी उपकार में।” इस वीडियो ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जेल सूत्रों की मानें तो वीडियो सामने आने के बाद जेलर उमाशंकर शर्मा ने वीडियो में नजर आने वाले बंदियों की जमकर धुनाई की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी व बेउर जेल के सुपरवाइजर ऑफिसर नीरज कुमार झा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो की सच्चाई पता लगाई जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जब इस संबंध में जेलर उमाशंकर शर्मा से बात की गई तो उन्होंने दावा किया कि बंदियों ने पूछताछ में बताया है कि यह वीडियो जेल के कुछ सिपाहियों को बदनाम करने की साजिश के तहत बनाया गया था। उनके मुताबिक, ग्लास में शराब नहीं बल्कि पानी था और गांजा की जगह तुलसी डालकर उसका नाटक किया गया। बावजूद इसके, जेलर ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि बिहार में करीब एक दशक से शराबबंदी लागू है। ऐसे में अगर जेल के अंदर शराब और नशा पार्टी का वीडियो सामने आता है तो यह न केवल कानून व्यवस्था बल्कि जेल प्रशासन की कार्यशैली पर भी करारा तमाचा है। यह कोई पहला मामला नहीं है जब जेल के अंदर से इस तरह की हरकतें उजागर हुई हों। पहले भी कई बार जेलों से मोबाइल के इस्तेमाल, धमकी, रंगदारी व हत्याओं की साजिश रचने जैसी खबरें सामने आती रही हैं।

Related posts

बिहार, साइबर अपराध पर सख्त : मुख्य सचिव और डीजीपी ने की जिलाधिकारियों-एसपी के साथ समीक्षा बैठक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार 2025 प्रदान किए

संत रविदास के समरसता संदेश को गांव-गांव पहुंचाएगी सरकार : सीएम

error: