अररिया(रंजीत ठाकुर): विभागीय रिपोर्ट के अनुसार अररिया जिला अंतर्गत कुल 2992 वार्डों में ग्रामीण जलापूर्ति योजना का कार्य पूर्ण हो गया है और सभी वार्डों में जलापूर्ति की जा रही है। जिसको लेकर जिला पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार सीएच द्वारा आज गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय वेश्म में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया। इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रखंड स्तर पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सहायक कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य विभाग अररिया एवं संबंधित पदाधिकारी जुड़े हुए थे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि ”हर घर नल का जल” योजना के लाभुकों की प्रविष्टि विभागीय पोर्टल (आईएमआईएस) पर किया जाना है। जिन लाभुकों का हाउस कनेक्शन हो गया है। उनका आधार कार्ड एवं आवेदन प्रखंड अंतर्गत पंचायत वार संग्रह करने का निर्देश दिया गया। इस कार्य को तीन से चार दिनों के अंदर हरहालत पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। इस कार्य को त्वरित गति से निष्पादन हेतु रणनीति के तहत संबंधित पंप ऑपरेटर से समन्वय बनाकर तथा टोला सेवक, विकास मित्र, आवास सहायक, पंचायत सचिव एवं शिक्षक से जिस घर में कनेक्शन दिया गया है। संबंधित का आधार कार्ड एवं आवेदन संग्रह कर संबंधित सहायक कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को सुलभ कराने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी अररिया एवं फारबिसगंज को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन प्राप्त आधार कार्ड एवं आवेदन की प्रविष्टि विभागीय पोर्टल पर ससमय कराना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही साथ इस बात का पूरा पूरा ध्यान रखेंगे कि बिहार विधान परिषद के चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि इस काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करेंगे। मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल विभाग अररिया तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
