गया, (न्यूज़ क्राइम 24) जिला परिषद, गयाजी के सभागार में आगामी पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में आवासन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, विधि-व्यवस्था, खाद्य सामग्री, यातायात और हेल्प डेस्क सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और जाम से मुक्ति के लिए यातायात नियमों के प्रभावी पालन तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने और पूरी तत्परता के साथ कार्य करने को कहा गया। बैठक में कहा गया कि पितृपक्ष मेला गयाजी की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यहां देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
