फुलवारीशरीफ, अजीत। नगर परिषद संपतचक क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है. इसी कड़ी में नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने बुधवार को वार्ड संख्या सात के मनोहरपुर कछुआरा स्थित बूटाई टोला में चल रहे नाला एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया. वहीं वार्ड संख्या 13 के भेलवाड़ा में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू भी मौजूद रहे. निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों में खुशी देखी गई. लोगों ने उम्मीद जताई कि सड़क और नाला निर्माण पूरा होने से आवागमन तथा जलनिकासी की समस्या से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष अमित कुमार ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली. उन्होंने नगर परिषद के कनीय अभियंता को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए. निर्माण कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर अमित कुमार ने कहा कि नगर परिषद के गठन के बाद पहली बार सभी वार्डों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को गति दी जा रही है. सरकार की ओर से जैसे-जैसे राशि उपलब्ध कराई जा रही है, वैसे-वैसे सभी वार्डों में विकास की रोशनी पहुंचाई जा रही है. सड़क, नाला सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
