फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के बेऊर थाना क्षेत्र के 70 फीट रोड स्थित सरिस्ताबाद में किराये के मकान में रहने वाले 40 वर्षीय संदीप कुमार का शव कमरे से बरामद किया गया. वह शेयर बाजार में कारोबार करता था और इसमें उसके 15 से 20 लाख रुपये से अधिक फंसे हुए थे. कारोबार में हुए नुकसान के कारण वह काफी तनाव और अवसाद में था. घटना के समय परिवार के लोग छठ पर्व मनाने अपने पैतृक गांव गए हुए थे और संदीप पटना स्थित कमरे में अकेला था.
मृतक की पहचान गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी स्वर्गीय देवशरण प्रसाद के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है. वह पटना के 70 फीट रोड स्थित सरिस्ताबाद में किराये के मकान में रहता था. हाल ही में उसने अपना किराये का मकान भी बदला था. बताया जाता है कि परिवार के लोग लगातार उसे फोन कर रहे थे, लेकिन वह किसी का कॉल रिसीव नहीं कर रहा था. रांची में रहने वाला उसका मंझला भाई संकेत कुमार भी कई दिनों से उससे बात करने की कोशिश कर रहा था. जब संपर्क नहीं हो पाया तो उसने संदीप के दोस्तों से फोन कर बात कराने का आग्रह किया.
इसके बाद मंगलवार की रात संदीप के दोस्त मनीष वर्मा को फोन कर उसकी जानकारी लेने को कहा गया. मनीष उसके किराये के मकान पर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. संदीप का मोबाइल फोन भी लगातार बजने के बावजूद रिसीव नहीं हो रहा था. इसके बाद मकान मालिक और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई. लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद बेऊर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया तो संदीप का शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी.
तीन भाइयों में सबसे छोटा था संदीप-
परिजनों के अनुसार, संदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था. बड़े भाई संजय जमीन के कारोबार से जुड़े हैं, जबकि मंझले भाई संकेत प्लाईवुड का कारोबार करते हैं. संदीप शेयर बाजार में निवेश और कारोबार करता था. बताया गया कि शेयर बाजार में बड़ी रकम फंसने और नुकसान होने के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था.
संदीप अपने पीछे पत्नी अनुपमा वर्मा उर्फ नेहा, 11 वर्षीय बेटा और नौ वर्षीय बेटी को छोड़ गया है. उसकी पत्नी गृहिणी हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजन गया से पटना पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर अपने पैतृक गांव गए. परिजनों के अनुसार, गया के विष्णुपद घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शेयर बाजार में संदीप के 15 से 20 लाख रुपये से अधिक फंसे हुए थे और उसे काफी नुकसान हुआ था. इससे वह तनाव और अवसाद की स्थिति में चला गया था. परिवार के लोग छठ पर्व मनाने गांव गए हुए थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
