बिहार

टीकाकरण के प्रति लोगों में दिखा उत्साह, जिले में पूरी तरह सफल साबित हुआ महाअभियान

अररिया(रंजीत ठाकुर): विश्व योग दिवस के मौके पर सोमवार को जिले में 30 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाने के लिये संचालित अभियान बेहद सफल साबित हुआ। अभियान की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने इसके लिये स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, जीविका सहित संबंधित अन्य विभागों के प्रयासों को सराहा। जिलाधिकारी ने अभियान में बढ़-चढ़ कर अपनी भागीदारी निभाने के लिये आम जिलावासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले के शतप्रतिशत लोगों का टीकाकरण संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शुमार है। डीएम ने कहा अभियान के दौरान तमाम पूर्वाग्रहों को पीछे छोड़ते हुए आम लोगों में टीकाकरण का लेकर गजब का उत्साह दिखा। सत्र का संचालन शुरू होने से पहले ही कुछ एक स्थानों पर टीकाकरण को लेकर आम लोगों की लंबी कतारें दिखी। उन्होंने किसी कारण अभियान में टीका प्राप्त नहीं कर सके लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिले में लगातार ऐसे अभियान का संचालन किया जाना है। आगामी शनिवार को भी टीकाकरण को लेकर जिले में विशेष अभियान संचालित किये जाने की जानकारी उन्होंने दी।

कारगर रणनीति व जमीनी प्रयास से हुआ अभियान सफल :

टीकाकरण अभियान की सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए डीडीसी मनोज कुमार ने कहा अभियान को सफल बनाने के लिये हर स्तर पर जरूरी प्रयास किये गये। आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता व जीविका दीदियों की मदद से टीकाकरण से वंचित लोगों का सर्वे कराया गया। साथ ही क्षेत्र में सघन प्रचार प्रसार अभियान का संचालन में टीकाकरण को लेकर लोगों को प्रेरित करने में बेहद सफल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सत्रका निर्धारण किया गया। सभी सत्र पर सत्र प्रभारी बहाल किये गये। पांच सत्र मिलाकर एक जोनल अधिकारी बहाल किये गये। लिहाजा हम निर्धारित लक्ष्य की तुलना में बेहतर उपलब्धि हासिल करने में सफल साबित हुए। टीकाकरण के प्रति सभी समुदाय के लोगों में गजब का उत्साह दिखा। किसी कारण टीकाकरण से वंचित लोगों को टीका लगाने के लिये आगामी शनिवार को पुन: विशेष अभियान संचालित किये जाने का निर्णय लिया गया है।

सामूहिक सहयोग से हुआ अभियान सफल :

Advertisements
Ad 1

सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता ने अभियान की सफलता में जिलाधिकारी के सहयोग व मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की अगुआई में पूरे अभियान का कुशल प्रबंधन संभव हो सका। इसका नतीजा है कि निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि हासिल करने में हम सफल साबित हुए। सिविल सर्जन अभियान को सफल बनाने में सभी स्वास्थ्य कर्मी, आईसीडीसी, जीविका सहित पंचायत प्रतिनिधि व स्थानीय धर्म गुरुओं से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। अभियान की सफलता में सामूहिक सहयोग को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

लगभग 55 हजार लोगों को टीका लगाने का अनुमान :

कोरोना टीकाकरण को लेकर संचालित विशेष अभियान से संबंधित जानकारी देते हुए डीपीएम रेहान अशरफ ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक जिले में 17 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण संपन्न हो चुका था। दोपहर दो बजे तक यह आंकड़ा 28 हजार के पार जा पहुंचा। टीकाकरण के प्रति लोगों के उत्साह को देखते हुए अभियान के तहत देर शाम तक जिले में 55 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाने का अनुमान उन्होंने जाहिर किया। बहरहाल टीकाकरण से संबंधित समेकित रिपोर्ट फिलहाल अप्राप्त है। इस संबंध में पुख्ता रिपोर्ट देर शाम जारी किये जाने का अनुमान है।

Related posts

उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने आईआईटी पटना, एफडीडीआई बिहटा और हीरो साइकिल्स यूनिट का दौरा किया

मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप योजना : 11 युवाओं को मिला ऑफर लेटर

सीएम सम्राट चौधरी ने की वित्त और आंतरिक संसाधन विभागों की समीक्षा

error: