समालखा, धर्मवीर पंडित : चुलकाना धाम में बागड़ वाले श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज का जन्म महोत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। जन्म महोत्सव के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-शांति की मंगल कामना की।
इस दौरान श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज एवं गुरु गोरखनाथ जी महाराज की भव्य रथ यात्रा चुलकाना धाम से मंदिर परिसर तक निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।रात्रि में मंदिर परिसर में भव्य जागरण का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध तपस्वी श्री भलेगिरी जी महाराज ने जागरण की ज्योत प्रज्वलित की। श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर श्री भलेगिरी जी महाराज को नोटों के हार पहनाकर सम्मानित किया गया।
जागरण में हरियाणा की शान प्रसिद्ध गायक राजफूल कुचरानियां ने श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने चुलकाना धाम की महिमा का भी बखान करते हुए प्रसिद्ध श्री चुनकट ऋषि जी महाराज की गौरव गाथा का वर्णन किया। इसके साथ ही श्याम जी महाराज के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक कलाकार अंश गर्ग और प्रिंस गर्ग ने भी भजनों के माध्यम से अपनी हाजिरी लगाई। उनकी भजन प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु बाबा की भक्ति में झूमते नजर आए।
रात्रि 12 बजे मंदिर कमेटी के सदस्यों ने केक काटकर जन्म महोत्सव मनाया। इसके बाद केक का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज के दरबार में श्री चुनकट ऋषि जी महाराज को भी विराजमान किया गया। रात 12 बजे मंदिर परिसर में भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिसर को राजस्थान के ददरेवा और गोगामेड़ी की तर्ज पर फूल मालाओं एवं रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर में धोक पूजा कर श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज और गुरु गोरखनाथ जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
चुलकाना, छदिया और भोडवाल माजरी सहित आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा की पूजा-अर्चना कर गांव में सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। ग्रामीणों ने बताया कि चुलकाना धाम स्थित यह मंदिर काफी प्राचीन है और श्रद्धालुओं की इसमें गहरी आस्था है।
इस अवसर पर पार्षद सुंदर छौक्कर, सरपंच सतीश छौक्कर सहित गांव के समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। उन्होंने श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज कमेटी का आयोजन के लिए धन्यवाद किया। मंदिर कमेटी की ओर से अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंदिर कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।
