बिहार

ऑनलाइन सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर एसटीएफ का सबसे बड़ा प्रहार, पटना में कई अपार्टमेंट खंगाले, पांच राज्यों में 38 गिरफ्तार!

फुलवारीशरीफ, अजीत। राजधानी पटना में बुधवार को साइबर अपराधियों के संगठित नेटवर्क के खिलाफ एसटीएफ ने बड़ा अभियान चलाया. सुबह से देर शाम तक शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की गाड़ियों और एसटीएफ की टीमों की आवाजाही से हलचल मची रही. बड़े-बड़े अपार्टमेंटों से लेकर संदिग्ध ठिकानों तक एक साथ छापेमारी की गई. राजा बाजार, बोरिंग रोड, पत्रकार नगर और पाटलिपुत्र इलाके में चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इस कार्रवाई के तार ऑनलाइन सट्टेबाजी की वेबसाइट के जरिए संचालित अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अपराध गिरोह से जुड़े मिले हैं. बिहार एसटीएफ की ओर से देर शाम जारी आधिकारिक जानकारी में गिरोह के सरगना सहित 38 सदस्यों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई. गिरफ्तार लोगों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं.

दरअसल, पटना साइबर थाना कांड संख्या 1529/26 के अनुसंधान के क्रम में बिहार एसटीएफ ने बुधवार को एक बड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. इसमें पटना जिला पुलिस, रांची, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कोलकाता पुलिस के साथ विभिन्न बैंकों की टीमों को भी शामिल किया गया. संयुक्त टीमों ने पटना, कोलकाता, रांची और दिल्ली में एक साथ छापेमारी की. एसटीएफ की कार्रवाई का दायरा बिहार के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैला रहा. अलग-अलग राज्यों में एक साथ दबिश पड़ने से साइबर अपराधियों के नेटवर्क में अफरातफरी मच गई.

पटना के कई अपार्टमेंट में घंटों चला सर्च ऑपरेशन

राजधानी में एसटीएफ और साइबर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई अपार्टमेंटों को खंगाला. राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्धों से पूछताछ की. वहीं बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट और पत्रकार नगर के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इसके अलावा पाटलिपुत्र गोलंबर के पास डॉक्टर निगम प्रकाश के बगल स्थित परिसर में भी एसटीएफ की टीम ने दबिश दी.

शुरुआती कार्रवाई के दौरान पटना के विभिन्न ठिकानों से करीब 30 से 32 संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आई थी. पुलिस की टीमें अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों से पूछताछ करने के साथ कमरों और अन्य ठिकानों की तलाशी ले रही थीं. संदिग्धों के पास से मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई. बाद में एसटीएफ की आधिकारिक जानकारी में पांच राज्यों में कार्रवाई के दौरान कुल 38 गिरफ्तारियों की पुष्टि की गई.

बेटिंग वेबसाइट से चल रहा था करोड़ों के लेनदेन का नेटवर्क

एसटीएफ के अनुसार, गिरोह ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइट www.Baliexch.com और इससे जुड़ी अन्य वेबसाइटों के माध्यम से संगठित आर्थिक अपराध को संचालित कर रहा था. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वेबसाइट के जरिए किस स्तर पर सट्टेबाजी का कारोबार चलाया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी. गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बनाकर काम कर रहे थे. पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, जिसकी आर्थिक गतिविधियों और लेनदेन की कड़ियां कई राज्यों तक फैली हुई हैं.

22 लाख नकद, 300 से अधिक एटीएम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अब तक 22 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा विभिन्न बैंकों के 300 से अधिक एटीएम कार्ड, 100 से ज्यादा मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप और छह टैब जब्त किए गए हैं. तलाशी में महंगी घड़ियां और करीब 500 ग्राम जेवरात भी मिले हैं. गिरफ्तार आरोपितों में कई का आपराधिक इतिहास रहा है. इतनी बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन मिलने के बाद जांच एजेंसियां इनके इस्तेमाल, बैंक खातों और संदिग्ध आर्थिक लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं.

कई राज्यों में फैले नेटवर्क की खुलेंगी परतें

एसटीएफ ने पटना जिले में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक और रांची में एक स्थान पर छापेमारी की जानकारी दी है. गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों, वेबसाइटों के संचालन और आर्थिक लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग सक्रिय थे और ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां किया जा रहा था। फिलहाल गिरोह से जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान जारी है. पूरी कार्रवाई की वरीय स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है. एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और मामले की विस्तृत रिपोर्ट अलग से जारी की जाएगी. बुधवार को दिनभर चली इस कार्रवाई ने राजधानी के साइबर अपराध जगत में खलबली मचा दी।

Related posts

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन