बिहार

फुलकाहा में SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 40 किलो 550 ग्राम गांजा बरामद; तस्कर फरार

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) और बिहार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को 56वीं वाहिनी SSB बथनाहा की बाह्य सीमा चौकी ‘आई’ समवाय फुलकाहा एवं फुलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 किलो 550 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, फुलकाहा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भवानीपुर गांव के वार्ड संख्या-3 में नदी किनारे स्थित एक धान के खेत में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने SSB की फुलकाहा इकाई से संपर्क किया। इसके बाद SSB के उपनिरीक्षक (सामान्य) के नेतृत्व में चार SSB जवानों तथा बिहार पुलिस के एक उपनिरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया।

संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 190/05 से करीब साढ़े तीन किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर स्थित भवानीपुर गांव के उक्त धान खेत की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। इस दौरान खेत में छिपाकर रखी गई दो संदिग्ध बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर दोनों बोरियों से कुल 40 किलो 550 ग्राम गांजा मिला।

बरामद गांजे को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर फुलकाहा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई है। मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की इतनी बड़ी खेप की बरामदगी से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related posts

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन