फुलवारीशरीफ, अजित। राणा फाउंडेशन द्वारा संचालित शमीमा वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर, अल्बा कॉलोनी (मस्जिद के पास) में चल रहे छह महीने के विशेष व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ. इस अवसर पर आयोजित अंतिम परीक्षा में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, वस्त्र निर्माण, मेकअप तथा सौंदर्य कला जैसे विषयों में आधुनिक तकनीक के साथ प्रशिक्षण दिया गया. केंद्र की निदेशक शगुफ्ता नाज ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि छात्राओं को न केवल हुनर सिखाया गया, बल्कि उन्हें व्यावसायिक दृष्टिकोण भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के समापन समारोह में राणा फाउंडेशन के अध्यक्ष मौलाना इफ्तिखार अहमद निजामी ने छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और स्वावलंबन राणा फाउंडेशन की प्राथमिकता है, और शीघ्र ही अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
प्रशिक्षिका निलोफर अंजुम (सिलाई विभाग) और नज़राना परवीन (ब्यूटी विभाग) ने छात्राओं की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब ये महिलाएं अपने हुनर के दम पर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने या नौकरी पाने के लिए तैयार हैं। इस अवसर पर डॉ. फवज़िया नाज़, केंद्र समन्वयक सुश्री नाज़ परवीन, फाउंडेशन के सचिव डॉ. मुहम्मद आसिम निज़ामी एवं अधिवक्ता मुहम्मद उमर निज़ामी की विशेष उपस्थिति रही।
