फुलवारी शरीफ, अजीत। आखिरकार सोमवार को रमजान का चांद दिख गया और अब मंगलवार को पाक और मुक़द्दस माह ए रमजानुल मुबारक का पहला रोजा रखा जाएगा. राजधानी पटना समेत देशभर में सभी हिस्सों में लोगों ने रमजान के चांद का दीदार किया है. चाँद देखे जाने के बाद मुस्लिम इदारों ने रमजान के चाँद देखे जाने की तस्दीक कर दी. चांद नजर आते लोगों ने एक दूसरे को चांद मुबारक कहा और बधाइयां दी.
मरकज़ी मजलिस रुयते हिलाल खानकाह मुजीबिया, फुलवारी शरीफ, पटना और उड़ीसा के मुसलमान समुदाय की सबसे बड़ी एदारा इमारत शरिया ने एलान किया है कि 11.03.2024, सोमवार, को रमज़ान-उल-मुबारक का चाँद नज़र आ गया,लेहाजा मंगलवार, 12 मार्च 2024 को रमजान की पहली तारीख होगी और पहला रोजा रखा जाएगा. इमारत शरिया कार्यवाहक नाजिम मौलाना शिबली अल कासमी एवं खानकाह मुजिबिया के प्रबंधक हजरत मौलाना मिनहाजुद्दीन कादरी ने लोगों को रमजान के महीने की मुबारकबाद दी है
वहीं सोमबार की शाम चांद का दीदार होते ही मसजिदों में तरावीह की तैयारी शुरू हो गयी. चांद निकलने की खबर से मुसलिम समुदाय के लोगों के चेहरे खिल उठे और लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद देकर खुशी का इजहार किया.रमजान के चांद को लेकर सुबह से ही मुसलिम समुदाय के लोगों में उत्सुकता बनी हुयी थी और शाम होते ही लोग अपनी छतों से चांद देखने की कोशिश में लगे रहे. लोगों ने मोबाईल से लेकर सोशल मिडिया के जरिये भी अपने दोस्तों ओर रिश्तेदारों को फोन कर चांद की तसदीक होने पर मुबारक कहा. रमजान शुरू होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और मुस्लिम इदारों में पहुंच गए. रमजान के पहले ताराविह, सेहरी और रोजा रखने के लिये खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ पड़े. लोगों ने सेहरी के लिए खाने-पीने का सामान खरीद कर ताराविह के नमाज अदा करने मस्जिदों में चले गए.
