बिहार

स्मैक के कच्चे माल के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस को बताया- प्रतिबंधित कफ सिरप और पाउडर मिलाकर तैयार करते हैं नशीला पदार्थ

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 540 ग्राम स्मैक के कच्चे माल और 21 पुड़िया स्मैक के साथ भोजपुर निवासी वैभव सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बरामद कच्चा माल ठोस अवस्था में था, जिसका रंग काला-भूरा बताया गया है. मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. कार्रवाई के दौरान बुलेट सवार एक युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस प्रतिवेदन के अनुसार एक सितंबर की सुबह गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन की ओर से एक व्यक्ति स्मैक लेकर खरीद-बिक्री के लिए आने वाला है. सूचना के बाद पुलिस टीम ने अंचलाधिकारी की मौजूदगी में आदर्शनगर रोड नंबर-2 स्थित हनुमान मंदिर के पास छापेमारी की. इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति और उसके पास खड़े दूसरे युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने पीछा कर वैभव सिंह को पकड़ लिया, जबकि बुलेट सवार युवक गलियों और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में वैभव सिंह ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक की खरीद-बिक्री करता है. उसके अनुसार दीपक कुमार सिंह ने उसे बुलेट सवार व्यक्ति तक स्मैक पहुंचाने के लिए आरा से फुलवारी शरीफ आने के बदले 1500 रुपये दिए थे. पुलिस ने इस मामले में दीपक कुमार सिंह और फरार बुलेट सवार व्यक्ति की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

प्रतिबंधित कफ सिरप और पाउडर मिलाकर तैयार करने की बात कही

पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में बताया कि स्मैक जैसा नशीला पदार्थ तैयार करने के लिए प्रतिबंधित कफ सिरप और कई तरह के पाउडर को मिलाकर उबाला जाता है. इसके बाद मिश्रण को सुखाकर दोबारा पाउडर के रूप में तैयार किया जाता है और फिर इस तैयार मिश्रण को स्मैक में मिलाकर बेचने की बात बताई गई है. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है कि बरामद कच्चे माल को इसी तरह तैयार किया जाता था।

तलाशी के दौरान वैभव सिंह की जींस की जेब से दो काले रंग की पन्नियों में ठोस अवस्था में काला-भूरा पदार्थ बरामद हुआ. पूछताछ में उसने इसे स्थानीय भाषा में ‘कट’ बताया. इसके अलावा पीछे की जेब से एक मोबाइल फोन और 21 पुड़िया स्मैक जैसा पदार्थ बरामद किया गया. इलेक्ट्रॉनिक कांटा से वजन करने पर पन्नी सहित कच्चे माल का कुल वजन 540 ग्राम और 21 पुड़िया का पन्नी सहित कुल वजन 6.11 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद पदार्थ और मोबाइल को जब्त कर वैभव सिंह को गिरफ्तार कर लिया. मामले में वैभव सिंह, दीपक कुमार सिंह और फरार बुलेट सवार अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस फरार आरोपित की पहचान और नशीले पदार्थ तैयार करने के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Related posts

खतरे के निशान से ऊपर पुनपुन नदी, फुलवारी शरीफ के कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा

ईसापुर में अभियुक्त के घर जमशेदपुर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार

गौरीचक में बाढ़ का कहर, सड़क टूटी तो थम गया गांवों का संपर्क, तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग

error: