ताजा खबरेंबिहार

पटना छात्रा मौत मामला: डीजीपी का बड़ा बयान…

पटना, न्यूज़ क्राइम 24। राजधानी पटना के शंभू हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय सतर्क हो गया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने एक वीडियो संदेश जारी कर हॉस्टलों की व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर कड़ा रुख अपनाया है।
डीजीपी ने कहा कि जिस वातावरण में छात्र-छात्राएं रहकर पढ़ाई करते हैं, वह पूरी तरह स्वस्थ, सुरक्षित और संतुलित होना चाहिए। यदि हॉस्टल का माहौल अनुकूल नहीं होगा तो बच्चे पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पाएंगे और मानसिक तनाव व डिप्रेशन जैसी समस्याओं का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन मालिकों और हॉस्टल संचालकों की यह जिम्मेदारी है कि कमरे, रोशनी, वेंटिलेशन और रहने की सभी सुविधाएं तय मानकों के अनुरूप हों।

डीजीपी ने भवन पास करने वाली एजेंसियों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया और कहा कि सभी हॉस्टलों में कोचिंग संचालकों व स्टाफ का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराया जाए। उन्होंने शंभू हॉस्टल की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिभावकों को तो सूचना दी गई, लेकिन पुलिस को काफी देर से जानकारी दी गई, जो बेहद चिंताजनक है। डीजीपी ने निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर सूचना दी जाए, ताकि पुलिस 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच सके।

डीजीपी विनय कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी हॉस्टल में इस तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित हॉस्टल का लाइसेंस रद्द कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने समाज से अपील की कि बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए सभी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं।

Advertisements
Ad 1

Related posts

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने मनाया समर्पण दिवस

दुर्गा क्लब ने बरबीघा क्रिकेट क्लब जूनियर को 05 विकेट से हराया

आम लोगों के साथ सीधा संवाद करने का माध्यम कला संवाद पत्रिका : मंत्री

error: