बिहार

ईंट निर्माताओं की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान, हरसंभव सहयोग देगा विभाग : डॉ. प्रमोद कुमार

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार ईंट निर्माता संघ की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आज खान एवं भूतत्व विभाग के माननीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सचिवालय स्थित कार्यालय में विभागीय अधिकारियों एवं बिहार ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में ईंट उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में संघ की ओर से पूर्व की भांति बिहार स्टेट माइनिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से कोयला प्राप्त करने में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग रखी गई। साथ ही भारत सरकार के कोयला मंत्रालय से ईंट निर्माताओं के लिए कोयले का कोटा बढ़ाने का अनुरोध करने की मांग भी रखी गई। खनन विभाग से कर वसूली की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

कर भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में विभाग की ओर से ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया गया, जिसके तहत निर्धारित खाते में ईंट निर्माता स्वयं कर जमा कर सकें और उसकी रसीद/प्रमाण विभाग को उपलब्ध करा सकें।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने संघ की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि ईंट उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करेगा। साथ ही गंगा एवं उसकी सहायक नदियों से निकलने वाले गाद के उठाव में ईंट निर्माताओं को सुविधा एवं आवश्यक सहयोग दिया जायेगा। बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव श्री अवनीश कुमार सिंह, बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष श्री कृष्ण मुरारी मन्नु, सचिव श्री मनीष कुमार तथा नालंदा जिला ईंट निर्माता संघ के सचिव श्री सतीश चौहान सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts

पटना ट्रैफिक पुलिस में लाइन डे आयोजित, जवानों की समस्याओं और ड्यूटी की हुई समीक्षा

पश्चिमी पटना में पिपिंग सेरेमनी, नवपदोन्नत पुलिसकर्मियों को पहनाया गया बैच

पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा स्वयं स्थल पर पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया

error: