भागलपुर, (न्यूज़ क्राइम 24) विकास आयुक्त, पटना द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला स्तर से जिला पदाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय, विकास आयुक्त, भागलपुर, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, भागलपुर सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा के क्रम में विकास आयुक्त, पटना ने निर्देश दिया कि अभियान के अंतर्गत संबंधित विभागों द्वारा संचालित सभी जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण कार्यों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करते हुए संबंधित पोर्टल पर कार्यों की प्रगति एवं उपलब्धियों की प्रविष्टि भी समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित योजनाओं, सड़कों, पुल-पुलियों आदि से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहे निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में रंग-रोगन, आवश्यक मरम्मत, बाउंड्री वॉल निर्माण सहित अन्य कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने को कहा गया।इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों के रंग-रोगन एवं जीर्णोद्धार तथा नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के अंतर्गत नल-जल योजनाओं के जीर्णोद्धार तथा चापाकल, जलमीनार आदि से संबंधित नव निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की भी समीक्षा की गई। वहीं पंचायती राज विभाग के अंतर्गत पंचायत भवनों के रंग-रोगन, जीर्णोद्धार एवं अन्य आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने पर बल दिया गया।समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जीर्णोद्धार से संबंधित सभी कार्य 30 नवंबर 2026 तक तथा नव निर्माण से संबंधित सभी कार्य 30 मार्च 2027 तक पूर्ण किए जाएं। संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कार्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।साथ ही अभियान से संबंधित सभी कार्यों की पोर्टल पर ससमय एवं अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
