पटना, अजीत। डॉक्टर्स डे के अवसर पर फुलवारी शरीफ प्रखंड कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने एक सुंदर पहल करते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टरों को अपने हाथों से बनाए हुए फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं. बच्चों की मासूम और सजीव अभिव्यक्ति से डॉक्टर भावुक हो उठे और उन्होंने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर बच्चों ने डॉक्टरों के योगदान पर आधारित पेंटिंग भी बनाई. छात्रा गुनगुन और दीपा ने बताया कि जब वे प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थीं, तब उन्हें ऐसे किसी दिवस की जानकारी नहीं होती थी. लेकिन जब से उनका नामांकन इस विद्यालय में हुआ है, उन्हें शिक्षिका नीतू शाही से हर दिवस के बारे में जानकारी मिल रही है और वे सभी बच्चे मिलकर उसे मनाते भी हैं। गुनगुन ने कहा कि इस विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ बहुत कुछ नया सीखने को मिला है, जिससे हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
शिक्षिका नीतू शाही ने बच्चों को डॉक्टर्स डे का महत्व बताया और उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर डॉक्टरों से मुलाकात करवाई. बच्चों ने डॉक्टरों को गुलदस्ता देकर आभार व्यक्त किया। नीतू शाही ने कहा कि हमें अपने मददगारों को हमेशा सम्मान देना चाहिए क्योंकि उनके बिना हमारा जीवन अधूरा है. डॉक्टर हमारे समाज के असली नायक हैं और बच्चों में उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना जागृत करना बेहद जरूरी है।
