फुलवारीशरीफ, अजीत। सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच की ओर से साप्ताहिक नुक्कड़ नाटक के तहत वाल्मी, फुलवारी शरीफ में “बोल-बम के रंग में यात्री हुए बेरंग” नाटक की प्रस्तुति की गई. नाटक के माध्यम से कांवर यात्रा के दौरान ट्रेनों में आरक्षित सीटों पर जबरन कब्जा और अत्यधिक भीड़ के कारण आम यात्रियों को होने वाली परेशानियों को सामने रखा गया।
नाटक की शुरुआत अमन कुमार के स्वरबद्ध गीत से हुई. नाटक में दिखाया गया कि कांवरिया बम के बोल-बम के नारों के बीच आरक्षित सीटों पर जबरन बैठ जाने और बोगियों में अत्यधिक भीड़ होने से यात्रियों को चढ़ने-उतरने और शौचालय तक पहुंचने में भी परेशानी होती है।
नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था और कांवर यात्रा का सम्मान जरूरी है, लेकिन आस्था के नाम पर दूसरे यात्रियों को परेशानी में डालना उचित नहीं है. यात्रा से लेकर जल चढ़ाने तक इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी या नुकसान न हो। नाटक के लेखक महेश चौधरी और निर्देशक मिथिलेश कुमार पांडे रहे. कलाकारों में महेश चौधरी, मिथिलेश कुमार पांडे, कामेश्वर प्रसाद, सौरभ, अमन, प्रतीक कुमार, मुन्ना यादव, आद्विक और देव दर्शन ने अभिनय किया।
