बिहार

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या की आशंका


अररिया, रंजीत ठाकुर भरगामा थाना इलाके के नया भरगामा पंचायत में सोमवार की देर शाम को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार,पीएसआई रौशन कुमार,पीएसआई विपाशा कुमारी के अलावे दर्जनों पुलिस बल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका की पहचान भरगामा थाना क्षेत्र के नया भरगामा पंचायत के वार्ड संख्या 03 निवासी प्रदीप दास की पत्नी 30 वर्षीय पूनिया देवी ऊर्फ साजो देवी के रूप में हुई है. मृतका को एक दूधमूहे बच्चे के अलावे 3 और बच्चे है. मृतका का मायका पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना इलाके में पड़ता है.

मृतका के भाई छोटू कुमार की मानें तो उनका कहना है कि उनकी बहन पूनिया की शादी करीब 4 साल पहले अर्जुन दास के पुत्र प्रदीप दास से हुआ था. मृतका का पति प्रदीप दास घर से बाहर रहकर मजदूरी करता है. उन्होंने बताया कि सोमवार को दिन में लगभग 12 बजे मृतका ने उसे फोन कर अपने ससुराल नया भरगामा बुलाया था. मृतिका के कहने पर सोमवार की देर शाम को वह पूनिया ऊर्फ साजो का ससुराल नया भरगामा पहुंचा तो अपने बहन साजो को मृत अवस्था में लेटा हुआ पाया. बता दें कि मृतका के भाई ने अपनी बहन के ससुराल के निकट के पड़ोसी पर साजो का हत्या करने का आरोप लगाया है. वहीं इस संबंध में भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला प्रकाश में आया है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Related posts

कोरोनाकाल की याद के साथ रिश्तों का संदेश दे गई बोध

उर्दू गजल अदब की आबरू है : कुलसचिव

जिले के क्लैप लिपि और प्लेट से संबंधित बच्चों को स्वस्थ्य बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा भेजा गया पटना