बिहार

बेला चौक पर SSB-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सुपौल का तस्कर गिरफ्तार!

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बेला चौक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त नीले रंग की TVS अपाचे RTR 160 बाइक भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी सुपौल जिले का रहने वाला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को गुप्त सूचना के आधार पर 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की डी समवाय बेला एवं बसमतिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बेला चौक स्थित बीरपुर मोड़ पर मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। यह स्थान भारत-नेपाल सीमा के स्तंभ संख्या 197/4 से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे बसमतिया की ओर से बेला आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद पॉलिथीन से 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। जांच किट से मादक पदार्थ की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के फुलका टोला निवासी नूर आलम (34), पिता मुस्तफा के रूप में हुई है। उसके पास से नीली TVS अपाचे RTR 160 बाइक (नंबर BR50 A6644) और डिजिटल आधार कार्ड की कॉपी भी बरामद की गई।

आवश्यक कागजी प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी एवं जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बसमतिया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया। इस संबंध में कैंप प्रभारी चंपक कुमार नायक ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए SSB के जवान लगातार सघन अभियान चला रहे हैं। अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, बसमतिया थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

Related posts

बैंकॉक के वाट अरुण मंदिर की तर्ज पर बना मां काली का भव्य पंडाल, 10 दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक महफिल

दीपावली और छठ को लेकर फुलवारी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

स्मैक तस्करों को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने के मामले में एक सिपाही गिरफ्तार, सात पुलिसकर्मी फरार