पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना जिले के ग्रामीण इलाके में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। फतुहा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामु के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घायल कुख्यात पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
हथियार बरामदगी के दौरान की फायरिंग मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर फतुहा आरओबी से कुछ दूरी पर न्याजीपुर गांव जाने वाले ग्रामीण रास्ते के पास हुई। पुलिस की टीम कुख्यात शुभम उर्फ झामु को लेकर हथियार बरामदगी के सिलसिले में मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान एक गोली शुभम के पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और घायल हो गया।
पुलिस ने घायल अपराधी को इलाज के लिए फतुहा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया।वही घटना स्थल पर एफएसएल और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थानाध्यक्ष सुमंत कुमार सुमन और फतुहा SDPO-1 अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू की। मौके पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। ग्रामीण एसपी के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
