बिहार

मैट्रिक में अनुत्तीर्ण छात्राओं को मिलेगा नया अवसर, हाई स्कूल सहयोग कार्यक्रम को जिला प्रशासन का समर्थन

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) मैट्रिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगामी परीक्षा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संचालित हाई स्कूल सहयोग कार्यक्रम को जिला प्रशासन का समर्थन प्राप्त हुआ है। इस संबंध में गुरुवार को पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

बैठक के दौरान बताया गया कि हाई स्कूल सहयोग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मैट्रिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं को पुनः शिक्षा से जोड़ना तथा उन्हें आगामी मैट्रिक परीक्षा के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के तहत छात्राओं को उनके विद्यालयों में विशेष शैक्षणिक सहयोग, नियमित मार्गदर्शन, परामर्श, प्रेरणात्मक गतिविधियां, मोबिलाइजेशन तथा सतत फॉलो-अप के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

बैठक में वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुई 7,303 बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा उन्हें पुनः परीक्षा के लिए तैयार करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और छात्राओं के शैक्षणिक परिणामों पर पड़े सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम की उपयोगिता और प्रभावशीलता से अवगत होने के बाद जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें छात्राओं को शिक्षा से जोड़े रखने के साथ-साथ उन्हें दूसरा अवसर प्रदान कर आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को भी मजबूत करती हैं। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के माध्यम से सफल हुई छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही। साथ ही वर्ष 2026 में मैट्रिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं की पहचान, नामांकन, शैक्षणिक सहयोग और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। यह बैठक जिले में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उन्हें पुनः शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बैठक में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय एवं सूरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

दानापुर में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने सोनू सिंह को गोलियों से भूना डाला, मौके पर मौत!

BIHAR BANDH : बिहार बंद को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भारत ने जानबूझकर पड़ोसी देश में बाढ़ लाने की पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों को किया खारिज

error: