बिहार

फुलवारी शरीफ मो अनवार हत्याकांड में पांच गिरफ्तार!

फुलवारी शरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) नोहसा इलाके में चार बीघा जमीन को लेकर हुए विवाद में जमीन कारोबारी सह किसान मोहम्मद अनवर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर मोहम्मद अफसर सहित पांच आरोपियों को पुलिस ने झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर से गिरफ्तार किया है. हत्या को अंजाम देने के लिए अपराधियों ने फिल्मी अंदाज अपनाया था. वारदात से पहले और बाद में अपराधियों ने दो किलोमीटर के भीतर कई गाड़ियाँ बदलीं, जिसमें टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर तक शामिल थे.

घटना 19 मई की सुबह लगभग 9:30 बजे की है, जब फुलवारी शरीफ के टमटम पड़ाव स्थित इमारतें शरिया के सामने मोहम्मद अनवर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं. गंभीर रूप से घायल अनवर को आनन-फानन में पटना एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी.

पुलिस की जांच में पता चला कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और इसमें कुल 15 लोग शामिल थे. मोहम्मद अनवर की पत्नी के बयान पर फुलवारी शरीफ थाना में 15 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. जांच में यह बात सामने आई कि नोहसा में अनवर की चार बीघा जमीन थी, जिस पर भू-माफियाओं और कुछ परिजनों की नजर थी.

मोहम्मद अनवर की पत्नी ने पुलिस को बताया कि भू-माफियाओं ने उनकी तीन बीघा जमीन औने-पौने दाम पर बेच दी थी. जब अनवर ने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार जिन पांच लोगों के नामों का खुलासा किया है, उनमें मुख्य शूटर मोहम्मद अफसर (34), मोटरसाइकिल चलाने वाला उसका छोटा भाई मोहम्मद शाहरुख (28), शहजादा सलीम (46), मोहम्मद पिंटू उर्फ मोहम्मद जावेद (34) और इम्तियाज़ खान शामिल हैं.

सभी की गिरफ्तारी धनबाद के वासेपुर से हुई है. पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि यह हत्या जमीन विवाद को लेकर की गई थी.

पटना सिटी एसपी पश्चिम आर.एस. सरथ ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस की विशेष टीम लगातार इस मामले में छापेमारी कर रही थी. बाकी बचे 10 आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस केस की जांच और गिरफ्तारी में फुलवारी शरीफ के थानाध्यक्ष मशहूद हैदरी, एएसआई सूफ़ियान, अनुज कुमार और राजीव कुमार की भूमिका सराहनीय रही. पूरी टीम का नेतृत्व डीएसपी सुशील कुमार कर रहे थे.

Related posts

पंचायत सरकार भवनों को पूरी तरह क्रियाशील रखें : डी एम

डीएम ने किया निरीक्षण, इंटीग्रेटेड फार्मिंग से महादलित टोले के लोगों को मिलेगा रोजगार

जहानाबाद एसपी के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं

error: