पानीपत, धर्मवीर शर्मा : छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर में करीब 5 एकड़ जमीन पर जिले का पहला महिला कॉलेज स्थापित किया जाएगा। कॉलेज की नई बिल्डिंग बनने तक लाल बत्ती स्थित डाइट कॉलेज में इसकी कक्षाएं शुरू की जाएंगी। कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सालाना फीस मात्र 6 हजार रुपये निर्धारित की गई है।पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने बताया कि डाइट कॉलेज में कॉलेज शुरू करने को लेकर अप्रूवल मिल चुकी है और एडमिशन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
शुरुआत में कॉलेज में बीए और बीकॉम की कक्षाएं लगाई जाएंगी। बीए में 160 और बीकॉम में 80 छात्राओं को दाखिला दिया जाएगा।विधायक प्रमोद विज ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल और डाइट कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की स्थायी बिल्डिंग करीब 5 एकड़ में तैयार की जाएगी, जिससे आने वाले समय में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रमोद विज ने पानीपत की छात्राओं के लिए यह महत्वपूर्ण पहल करने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला कॉलेज शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर और किफायती विकल्प मिलेगा।
