गया/पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार राज्य के हज यात्रियों का पहला और दूसरा जत्था 15 और 16 जून को गया एयरपोर्ट पर सकुशल पहुंचा. ये दोनों फ्लाइटें सऊदी अरब से हज यात्रा पूरी करने के बाद भारत लौटीं, जिनमें कुल 271 हज यात्री शामिल थे. ये यात्री मुख्यतः गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, बक्सर और पटना जिलों से संबंध रखते हैं।
गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हज यात्रियों के स्वागत के लिए जिला अधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी), बिहार राज्य हज समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
स्वागत के दौरान यात्रियों को गुलाब के फूल भेंट किए गए और उन्हें सादर सम्मानित किया गया. हज से लौटे बुज़ुर्गों और महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया. हज यात्रियों के सामान को भी व्यवस्थित ढंग से लौटाया गया।
गया एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने सभी यात्रियों की कुशल वापसी पर संतोष जताया और शांति व सहयोग के लिए हज समिति तथा स्वंयसेवकों को धन्यवाद दिया।
सऊदी अरब में इस वर्ष हज यात्रा पर गए भारतीय हाजियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर भारत से गए आम यात्रियों के लिए टेंट, ठहराव, भोजन और बाजार संबंधी व्यवस्थाओं में भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है.वहीं पाकिस्तान, इंडोनेशिया, तुर्की, बांग्लादेश जैसे देशों के हज यात्रियों को अपेक्षाकृत बेहतर सुविधा, विस्तृत खेमे और तकनीकी सहायता मुहैया कराई गई है.
इन देशों के लिए सऊदी सरकार ने अलग से विशेष प्रबंधन किया है जिससे वहां के हाजी शांति और सुविधा के साथ हज यात्रा कर रहे हैं.बिहार से इस बार करीब 2,403 हज यात्री सऊदी अरब गए हैं, जिसमें बिहार के हज यात्री दिल्ली कोलकाता गया बंगलुरु से उड़ान भरी हैं. कई भारतीय हाजियों का कहना है कि सरकार की ओर से वादा की गई कई सुविधाएं जमीनी स्तर पर नहीं मिलीं. खाने, पीने के पानी, साफ-सफाई और चिकित्सा के क्षेत्र में काफी किल्लत का सामना करना पड़ा.इस वर्ष बिहार के हाजियों ने बेंगलुरु, दिल्ली, कोलकाता और गया एयरपोर्ट से यात्रा की थी।
