शेखपुरा, उमेश कुमार : शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी शेखपुरा द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम का सोमवार को आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना गया और उनके त्वरित समाधान कराने की दिशा में पहल की गई। जिला पदाधिकारी महोदय के समक्ष कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें किसान पंजीकरण कराने, पैर कट जाने के बाद जूता दिलाने की मांग, रोजगार हेतु लोन दिलाने, जमीन अधिग्रहण का मुआवजा दिलाने, रसीद कटवाने, कटारी में खेल मैदान का निर्माण कराने, राशन कार्ड बनवाने, जमीन का नामांतरण रदद कराने, बिल में सुधार, विद्युत लाइसेंस दिलाने, धोखा, दाखिल खारिज, परिमार्जन प्लस, जमाबंदी में सुधार कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी आवेदकों को एक-एक कर अपने पास बुलाया और उनकी समस्याओं को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर विचार करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनके मामलों का समाधान संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से यथाशीघ्र सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों के निष्पादन हेतु कड़े निर्देश दिए गए ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
“प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि हर नागरिक को सम्मान मिले और उनकी समस्याओं का निराकरण कर उनका जीवन आसान बनाया जाए। ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम इसी दिशा में एक प्रतिबद्ध कदम है।” — श्री शेखर आनंद, जिलाधिकारी, शेखपुरा पूरे जिले में अभियान जारी गौरतलब है कि शेखपुरा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम का प्रभावी ढंग से संचालन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाना और जनता व प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है। जिला प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में काफी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है और लंबित समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो रहा है।
