बिहार

उफनती पुनपुन नदी में डूबे धर्मेंद्र का शव बरामद, गर्भवती पत्नी और दो बच्चों के सामने गहराया संकट

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र के लंका कछुआरा गांव के समीप उफनती पुनपुन नदी में डूबे युवक धर्मेंद्र कुमार का शव सोमवार देर रात बरामद कर लिया गया. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया. घटना की पुष्टि गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने की है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि 24 अगस्त को सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर सोहगी रामपुर निवासी संजीव कुमार, रामपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार और कन्हाई कुमार बाइक से चंडासी स्थित अर्धनारीश्वर मंदिर मेला घूमने गए थे. मेला घूमने के बाद तीनों लंका कछुआरा के समीप पुनपुन नदी में स्नान करने लगे. इसी दौरान धर्मेंद्र गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर डूब गए. साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलने पर गौरीचक पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से धर्मेंद्र की तलाश शुरू कराई. बाद में एसडीआरएफ की टीम भी खोज अभियान में शामिल हुई. काफी मशक्कत के बाद सोमवार देर रात धर्मेंद्र का शव नदी से बरामद किया गया।

पत्नी ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप-

धर्मेंद्र की मौत के बाद उनकी पत्नी तनुजा ने पति के दोस्तों पर जानबूझकर नदी में डुबोकर मार देने का आरोप लगाया है. पुलिस पत्नी के आरोपों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गर्भवती पत्नी और दो बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट-

धर्मेंद्र की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा है. करीब पांच वर्ष पहले शादी करने वाले धर्मेंद्र के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उनकी पत्नी तनुजा छह माह की गर्भवती हैं. धर्मेंद्र मजदूरी कर पत्नी, बच्चों और अपनी मां का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार में कमाने वाला कोई नहीं बचा है।

मृतक का परिवार कच्चे मकान में रहता है. पत्नी तनुजा का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि पति मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाते थे. अब बच्चों की परवरिश के साथ आने वाले बच्चे के भविष्य की चिंता सता रही है. धर्मेंद्र पांच भाइयों में एक थे, लेकिन सभी भाई अलग-अलग रहते हैं. ऐसे में परिवार के सामने रोजमर्रा के भोजन से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक का संकट खड़ा हो गया है। धर्मेंद्र की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुनपुन और दरधा नदी का जलस्तर बढ़ने तथा तेज धारा के दौरान नदी में स्नान करने से बचें. बच्चों और युवाओं को गहरे पानी में जाने से रोकें, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Related posts

एडवांस्ड एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी में एम्स पटना का रिकॉर्ड, पाँच या उससे अधिक लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स उपलब्धियाँ हासिल करने वाला बना देश का पहला संस्थान

‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ से छात्रों की आवाज सीधे सरकार तक पहुंचेगी : संजय सरावगी

सावन के अंतिम मंगलवार को फतेहपुर में ग्राम देवता व कुलदेवी की वैदिक पूजा, उमड़े हजारों श्रद्धालु

error: