पटना। श्री आनंदम् योग केंद्र की ओर से शुक्रवार यानी 16 अक्टूबर को भव्य डांडिया महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। सोना मार्केट, अंबेडकर पथ स्थित श्री आनंदम् योग केंद्र के प्रांगण में आयोजित यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा। योग गुरु रंजीत सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में 200 से अधिक योग साधक एवं साधिकाओं के शामिल होने की संभावना है। योग साधक अपने परिवारजनों और मित्रों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ योग साधकों के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना है। रंग-बिरंगे परिधानों, संगीत और डांडिया की थाप के बीच प्रतिभागी उत्सव का आनंद लेंगे। इस अवसर पर श्री आनंदम् योग केंद्र की ओर से प्रेस एवं मीडिया जगत के पत्रकारों और प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने सभी आमंत्रित अतिथियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
