अररिया, रंजीत ठाकुर पर्यावरण अनुरूप जीवन शैली को अपनाने हेतु 56 वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल बथनाहा द्वारा पिछले सप्ताह से समस्त बाह्य सीमा चौकी स्तर तक स्वच्छता कार्यक्रम व जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से चलाया जा रहा है । इसी कड़ी में आज शनिवार को 56 वीं वाहिनी के कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के निर्देशन में समस्त बाह्य सीमा चौकी स्तर तक वृहद स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल समस्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए श्री विक्रम ने कहा कि अपने जीवन शैली के बदलते रूप के कारण हम कहीं ना कहीं पर्यावरण को अत्यंत ही क्षति पहुंचाते हैं। इसलिए पर्यावरण के अनुरूप जीवन शैली को अपनाना हम लोगों की आवश्यकता के साथ-साथ महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है।
पर्यावरण की रक्षा में स्वच्छता का अपना एक अमूल्य महत्व है । अतः पर्यावरण अनुरूप जीवन शैली को अपनाने के महत्वपूर्ण अवसर पर मैं आप सभी से अपील करना चाहूंगा कि स्वच्छता को किसी एक मात्र दिवस या माह के रूप में न अपनाएं बल्कि अपने दैनिक जीवन में चाहे कार्यालय स्थल हो या अपने आवास हो या अपने आसपास की साफ सफाई हो स्वयं भी स्वच्छता का पालन करें औरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।
तत्पश्चात वाहिनी मुख्यालय स्थित बथनाहा बीरपुर रोड की दोनों तरफ बृहद स्तर पर साफ सफाई किया गया इसके अतिरिक्त समस्त बाह्य सीमा चौकी अंतर्गत विभिन्न चौक चौराहे व स्कूलों के आसपास साफ सफाई कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर 56वीं वाहिनी के कमांडेंट (चिकित्सा) डॉक्टर एच. के. शिंदे, उप कमांडेंट पूर्णेन्दु प्रभाकर, सहायक कमांडेंट मणीन्द्र नाथ सरकार, निरीक्षक(प्रशासन) देवेंद्र कुमार ,स्थानीय ग्रामीण व बच्चे एवं बहुतायत संख्या में महिला व पुरुष कार्मिक उपस्थित थे।
