बिहार

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में उमड़ा जनसमर्थन, विजय कुमार सिन्हा ने किया सघन जनसंपर्क

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार के कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विजय कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव–2026 के क्रम में मन की बात एवं विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।

कदमकुआँ मंडल स्थित सावित्री अपार्टमेंट, विजय सिंह चौराहा, पश्चिमी लोहानीपुर में श्री सिन्हा ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त बनाने वाला एक प्रेरणादायी मंच है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस का स्मरण करते हुए देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति को प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली स्वदेशी रक्षा तकनीकों, आईएनएस महेंद्रगिरी, पिनाका मिसाइल, ‘कैच द रेन’ अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत तथा पुनर्चक्रण जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए जनभागीदारी की महत्ता पर बल दिया।

श्री सिन्हा ने विशेष रूप से इस बात को गर्व का विषय बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण से सार्वजनिक उपयोग की बेंच तैयार करने की अभिनव पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह बिहार की नवाचार क्षमता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।

इसके उपरांत बैजनाथपुर कोठी में आयोजित सामाजिक बैठक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम में भी उन्होंने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर की जागरूक जनता विकास, सुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन देकर एनडीए प्रत्याशी को ऐतिहासिक विजय दिलाएगी।

इसी क्रम में नारायण उत्सव हॉल, शाहिद राम गोविंद सिंह मंडल, वार्ड संख्या–17, जयप्रकाश नगर में आयोजित सामाजिक बैठक में श्री सिन्हा ने प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, पारदर्शी शासन और जनसेवा की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से भाजपा एवं एनडीए प्रत्याशी को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि “फिर से खिलेगा कमल, बांकीपुर चुनेगा विकास का संबल। श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, विकास और जन विश्वास पर आधारित है तथा बांकीपुर की जनता का उत्साह और समर्थन यह स्पष्ट संकेत देता है कि उपचुनाव में कमल एक बार फिर प्रचंड रूप से खिलेगा।

Related posts

मन की बात कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के वीर सैनिकों को याद किया

सीतामढ़ी में कचरे की रिसाइकलिंग से बनी बेंच की पीएम ने ‘मन की बात’ में की सराहना

घाटकुसुंभा के गगौर पंचायत में धूमधाम से मनाया गया ‘पंचायत विकास दिवस’

error: