पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना जिले के नदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक (कोटा) और बीयर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 165 ग्राम स्मैक, 19 बोतल बीयर, नगद राशि, मोबाइल फोन तथा नशीले पदार्थ की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जून को नदी थाना अध्यक्ष सद्दाम हुसैन को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पटना सिटी की ओर से ट्रॉली अटैची में स्मैक और बीयर लेकर रुस्तमपुर स्थित अपने दुकान पर जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने पक्की दरगाह पीपापुल के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहाबी कुमार (26 वर्ष), पिता- नरेश राय, निवासी रुस्तमपुर, जिला वैशाली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 439 डिबिया में पैक कुल 165 ग्राम स्मैक, 19 बोतल बीयर (9.5 लीटर), 6,870 रुपये नकद, एप्पल और ओप्पो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 33 गैस लाइटर, 1000 खाली डिबिया, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा स्मैक पैकिंग में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस छापेमारी अभियान में पु०अ०नि० विवेक कुमार, स०अ०नि० संतोष कुमार, स०अ०नि० पप्पू कुमार पासवान, पीटीसी राजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
