बलिया(संजय कुमार तिवारी): जिलाधिकारी अदिति सिंह के निर्देश पर बिल्थरारोड के एसडीएम सर्वेश कुमार व तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बिल्थरारोड नगर में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर औचक छापेमारी कर खाद्य सामग्रियों का सैंपल लिया गया. इस दौरान जांच टीम ने इमलिया रोड स्थित एक इंटरप्राइजेज पर छापा मारकर पांच किस्म के केक, तीन क्रीम निर्मित वस्तुओं और बिस्किट का नमूना लिया। वहीं, टीम ने त्रिमुहानी के निकट स्थित एक स्वीट हाउस पर छापेमारी कर छेना, लालमोहन, काला जामुन आदि मिठाइयों का सैंपल लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की माने तो स्वीट हाउस का रजिस्ट्रेशन केवल चाय व पकौड़ी बेचने का है, लेकिन यहाँ बड़े पैमाने पर मिठाई का कारोबार चलता आ रहा है।
खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी के दौरान नगर में हड़कंप मच गया और मिठाई आदि खाद्य पदार्थों की दुकानों पर ताले लटक गए। टीम में एसडीएम, तहसीलदार के अलावा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन गिरी, अमित सिंह, चंद्रप्रकाश यादव, नरेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।
previous post
