पटना, अजित। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोचक महावीर कॉलोनी, जकरियापुर स्थित एक मकान से नशीले इंजेक्शन और कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध ढुलाई की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों की खेप बरामद की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 16.02.2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि जकरियापुर स्थित एक मकान से नशीले इंजेक्शन और कोडीन युक्त कफ सिरप को टेम्पो पर लोड कर अन्य स्थान पर भेजने की तैयारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में औषधि निरीक्षक के साथ संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए संबंधित परिसर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुल 10,500 एम्प्यूल (2 एमएल) नशीला इंजेक्शन तथा 7,750 बोतल (100 एमएल) कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया. इसके अलावा अवैध दवाइयों के परिवहन में प्रयुक्त एक टेम्पो भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद दवाइयों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि अवैध नशीले पदार्थों और दवाइयों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
