पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली रोड में एक ट्रक ड्राइवर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रमेश राय के रूप में हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ट्रक ड्राइवर मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि रमेश राय छत्तीसगढ़ के रायपुर से बोरा लेकर महुली रोड स्थित एक गोदाम में पहुंचा था। आरोप है कि शनिवार दोपहर बोरा भींग जाने की बात कहकर गोदाम मालिक ने ड्राइवर से करीब छह लाख रुपये जुर्माने की मांग की। आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर गोदाम मालिक और उसके लोगों ने रमेश राय के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ट्रक ड्राइवर मौके पर जुट गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौके पर पहुंचे मोरवा विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक रणविजय साहू ने भी घटना को लेकर आरोप लगाए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी परिवार और विधायक से ली जाएगी। लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी। फिलहाल पुलिस शव को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रमेश राय की मौत की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
