यूपी, संजय कुमार तिवारी : बलिया से है, जहां निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। देर रात एक बेकाबू हाइवा ने टेंट के सामान से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में टेंट कारोबारी समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
यह भीषण हादसा बलिया के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर स्थित पशुपति बाबा स्थान के पास निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर देर रात हुआ। जानकारी के मुताबिक, बैरिया क्षेत्र के दोकटी थाना के बाबू के शिवपुर, लालगंज निवासी टेंट कारोबारी रामकुमार पांडेय अपने मजदूरों के साथ ससुराल में आयोजित तिलक समारोह में टेंट लगाने गए थे। चार दिनों तक काम चलने के बाद रविवार रात सभी दो ट्रैक्टर-ट्रालियों पर टेंट का सामान लादकर घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि मुबारकपुर गांव के सामने पशुपति बाबा गुफा के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर पर सवार अकबर खान और छोटू पांडेय ने लघुशंका के लिए ट्रैक्टर रोका। इसी दौरान पीछे से बिहार की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टेंट के सामान से लदी दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही टेंट कारोबारी रामकुमार पांडेय और मजदूर निर्मल वर्मा की मौत हो गई, जबकि अमर चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। आगे वाले ट्रैक्टर पर सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और उपनिरीक्षक शंकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अमर चौधरी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि हाइवा डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारी थी। हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल हुआ है। हाइवा चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया गया है तथा दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।” हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया है। सदमे में रामकुमार के परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
