फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के पारस हेल्थ अस्पताल में अब गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के इलाज के लिए विशेष सुविधाएं शुरू की गई हैं. अस्पताल में मां और बच्चे की बेहतर देखभाल के लिए आधुनिक लेबर रूम, आईसीयू, एनआईसीयू और पीआईसीयू की व्यवस्था की गई है. यहां गर्भावस्था के दौरान होने वाली परेशानियों से लेकर सुरक्षित प्रसव और जन्म के बाद नवजात बच्चों के इलाज तक की सुविधा मिलेगी. जरूरत पड़ने पर मरीजों को 24 घंटे डॉक्टर और आपातकालीन चिकित्सा सेवा भी उपलब्ध होगी।
नई सुविधाओं की शुरुआत के मौके पर शनिवार को अस्पताल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इसमें अस्पताल के डायरेक्टर जनरल सर्जरी डॉ. अहमद अब्दुल हई, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नाजिया निगार, डॉ. विनिता पांडे, डॉ. स्मिता सिंह, बाल रोग विभाग के प्रमुख डॉ. विवेक रंजन और जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह ने इसकी जानकारी दी. कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. शांति राय और डॉ. प्रमीला मोदी भी मौजूद थीं।
अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच से लेकर सामान्य और जटिल प्रसव तक का इलाज किया जाएगा. जिन महिलाओं की गर्भावस्था में अधिक खतरा रहता है, उनके इलाज पर खास ध्यान दिया जाएगा. जन्म के बाद जिन बच्चों को सांस लेने में परेशानी या दूसरी गंभीर समस्या होगी, उन्हें एनआईसीयू में रखा जा सकेगा. वहीं गंभीर रूप से बीमार बच्चों के इलाज के लिए पीआईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
डॉ. अहमद अब्दुल हई ने कहा कि मां और बच्चे दोनों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. गर्भावस्था और प्रसव के दौरान सही इलाज और समय पर डॉक्टरों की देखरेख से कई परेशानियों को रोका जा सकता है. अस्पताल का प्रयास है कि गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को एक ही जगह बेहतर इलाज मिल सके।
जोनल डायरेक्टर डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि पारस हेल्थ का उद्देश्य बिहार के लोगों को आधुनिक इलाज की सुविधा अपने राज्य में ही उपलब्ध कराना है. हर महिला का सुरक्षित प्रसव हो और हर नवजात बच्चे को जन्म के बाद अच्छी देखभाल मिले, इसी सोच के साथ नई सेवाएं शुरू की गई हैं। गौरतलब है कि पारस एचएमआरआई पटना ने वर्ष 2013 में काम करना शुरू किया था. यह बिहार का पहला कॉरपोरेट अस्पताल है, जहां परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड से लाइसेंस प्राप्त कैंसर उपचार केंद्र भी संचालित है।
