बिहार

पशुधन उत्पादन में उद्यमिता को बढ़ावा दें युवा : कर्नल के.एन. यादव

फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के बिहार वेटनरी कॉलेज में आयोजित इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ एनिमल रिप्रोडक्शन (इस्कार) के 41वें वार्षिक अधिवेशन एवं राष्ट्रीय सम्मेलन इस्कारकॉन-2026 का शुक्रवार को समापन हुआ. तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए पशु चिकित्सा वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने पशु प्रजनन की आधुनिक तकनीकों, पशुधन उत्पादन तथा जलवायु अनुकूल पशुपालन की संभावनाओं पर मंथन किया. सम्मेलन में 320 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें लगभग 75 प्रतिशत का प्रस्तुतीकरण किया गया. इसके साथ ही 15 लीड पेपर और आठ युवा वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए.

समापन समारोह में बीजीएम फाउंडेशन के कर्नल के.एन. यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि पशुपालन केवल पशुओं के प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुधन क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं. कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और पशुधन कृषि व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है. इस क्षेत्र के विकास के लिए वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ उद्यमिता को भी बढ़ावा देना जरूरी है.

कर्नल यादव ने युवाओं से पशुधन आधारित उद्यमों में आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि पशुपालन और पशुधन उत्पादन में रोजगार एवं व्यवसाय की व्यापक संभावनाएं हैं. यदि युवा इस क्षेत्र में उद्यम स्थापित नहीं करेंगे तो इसका लाभ दूसरे लोग उठाएंगे. युवाओं को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जानकारी के साथ पशुधन आधारित व्यवसाय शुरू करना चाहिए.

320 शोध पत्रों में 75 प्रतिशत का हुआ प्रस्तुतीकरण

इस्कार के अध्यक्ष डॉ. शिव प्रसाद ने सम्मेलन की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि तीन दिनों के आयोजन में 15 लीड पेपर शामिल किए गए और 320 शोध पत्र प्राप्त हुए. इनमें लगभग 75 प्रतिशत शोध पत्रों का प्रस्तुतीकरण हुआ. आठ युवा वैज्ञानिक सत्रों के माध्यम से युवा शोधार्थियों को अपनी प्रतिभा और शोध कार्य सामने रखने का अवसर दिया गया.

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 39 युवा विद्यार्थियों को तत्काल विषय देकर श्रोताओं के सामने अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया. इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों की विषय संबंधी समझ, सोचने की क्षमता और बिना पूर्व तैयारी के प्रभावी ढंग से विचार रखने की योग्यता का आकलन किया गया. डॉ. शिव प्रसाद ने कहा कि ऐसे आयोजन से भविष्य के अच्छे शिक्षक और वैज्ञानिक तैयार करने की दिशा में भी मदद मिलती है. सम्मेलन अपने उद्देश्यों को पूरा करने में सफल रहा.

वैज्ञानिक अनुसंधान को किसानों तक पहुंचाने की जरूरत

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बिहार की कृषि और पशुधन क्षेत्र की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि देश में कृषि अनुसंधान की शुरुआत बिहार के पूसा से हुई थी. बिहार की पशुधन संपदा कभी अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण रही है. यहां मारवाड़ी घोड़ों सहित विभिन्न पशु नस्लों की विशिष्ट पहचान रही है.

कुलपति ने कहा कि समय के साथ नीतियों, प्रकृति के प्रति मानवीय असजगता और प्रबंधन की कमियों के कारण पशुधन संपदा की कई विशेषताएं प्रभावित हुई हैं. प्रकृति ने हमें विश्वस्तरीय पशु नस्लें और उत्कृष्ट आनुवंशिक संसाधन दिए हैं. दुनिया की बेहतरीन बकरी नस्लों सहित समृद्ध पशु आनुवंशिक संसाधन हमारे पास मौजूद हैं. आवश्यकता है कि इनका वैज्ञानिक तरीके से उपयोग किसानों और समुदाय के हित में किया जाए.

उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा विज्ञान किसानों की अर्थव्यवस्था का आधार है. पशुधन क्षेत्र की वास्तविक क्षमता का उपयोग करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रयोगशालाओं से निकालकर खेतों और पशुपालकों तक पहुंचाना होगा.

पशु प्रजनन के विभिन्न विषयों पर हुआ मंथन

सम्मेलन के दौरान पशु प्रजनन विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए. इनमें गोवंश की स्त्री रोग संबंधी समस्याएं, मादा पशुओं में बांझपन, पशु प्रसूति विज्ञान, नर पशु प्रजनन विज्ञान, वीर्य विज्ञान एवं कृत्रिम गर्भाधान, प्रजनन जैव प्रौद्योगिकी और चिकित्सकीय मामलों की प्रस्तुति शामिल रही.

इसके अलावा छोटे जुगाली करने वाले पशुओं और सूअरों का प्रजनन, पालतू पशुओं का प्रजनन तथा घोड़े, ऊंट और वन्यजीवों के प्रजनन से जुड़े विषयों पर भी विशेषज्ञों ने विचार रखे. किसान, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय को लेकर विशेष सत्र आयोजित किया गया. सम्मेलन में सी.आर. साने स्मृति व्याख्यान भी हुआ.

विभिन्न तकनीकी सत्रों में उत्कृष्ट शोध पत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. समापन समारोह में आयोजन सचिव डॉ. दुष्यंत यादव ने स्वागत किया. इस अवसर पर बिहार वेटनरी कॉलेज के डीन डॉ. पल्लव शेखर, पूर्व डीन डॉ. जे.के. प्रसाद, विश्वविद्यालय के शिक्षक, देशभर से आए वैज्ञानिक, शोधार्थी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

सम्मेलन का आयोजन इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ एनिमल रिप्रोडक्शन द्वारा बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के बिहार वेटनरी कॉलेज स्थित पशु स्त्री रोग एवं प्रसूति विज्ञान विभाग के सहयोग से किया गया. बिहार वेटनरी कॉलेज के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में पशुधन क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Related posts

मासूम की मौत के बाद हिंसक बवाल, पुलिस पर पथराव; तीन वाहन फूंके

महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक प्रकाश

गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे