बिहार

जज कॉलोनी में खुले मैनहोल दे रहे हादसों को न्योता, नगर परिषद की लापरवाही से खतरे में लोगों की जान

फुलवारीशरीफ, अजीत। नगर परिषद फुलवारी शरीफ के अंतर्गत आने वाली जज कॉलोनी में नागरिक सुविधाओं का अभाव स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है. महावीर कैंसर संस्थान के नजदीक पुरानी भर्ती मोड़, सुशील प्लाजा के सामने स्थित इस कॉलोनी में मुख्य सड़क पर कई मैनहोल खुले पड़े हैं. इन मैनहोल पर ढक्कन नहीं होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. सड़क पर पानी भर जाने के बाद खुले मैनहोल दिखाई तक नहीं देते, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ जाती है.

जज कॉलोनी पटना-फुलवारी मुख्य मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग 139 के आसपास स्थित है. यहां से प्रखंड मुख्यालय और महावीर कैंसर संस्थान भी कुछ ही दूरी पर हैं. आसपास महत्वपूर्ण संस्थान और आवासीय क्षेत्र होने के बावजूद कॉलोनी की मुख्य सड़क पर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश होने पर भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है. जलजमाव के दौरान मैनहोल के खुले गड्ढे पानी में छिप जाते हैं. ऐसे में मोटरसाइकिल, साइकिल और पैदल चलने वाले लोगों के लिए खतरा कई गुना बढ़ जाता है. पानी निकलने के बाद सड़क पर खुले मैनहोल साफ दिखाई देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आती.

बताया जाता है कि खुले मैनहोल के कारण कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है, लेकिन अब तक ढक्कन लगाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है.

जजों के आवास वाली कॉलोनी में भी सुविधा का अभाव

जज कॉलोनी में न्यायिक अधिकारियों के आवास भी हैं. जिन न्यायाधीशों के फैसलों से बड़े-बड़े दबंगों और बाहुबलियों को कानून का सबक मिलता है, उनके आवास वाली कॉलोनी में भी नगर परिषद की बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही हैं. यह स्थिति नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मुख्य सड़क पर खुले मैनहोल जैसे गंभीर खतरे को दूर नहीं किया जा रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर नगर परिषद कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.

कॉलोनी के लोग खुलकर अपनी बात रखने से बचते हैं, लेकिन सड़क पर खुले मैनहोल, जलजमाव और ढक्कन की कमी जैसी समस्याएं खुद नगर परिषद की व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही हैं. लोगों की मांग है कि नगर परिषद तत्काल सभी खुले मैनहोल पर मजबूत ढक्कन लगाए, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करे और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को सुरक्षित बनाए, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके.

Related posts

मासूम की मौत के बाद हिंसक बवाल, पुलिस पर पथराव; तीन वाहन फूंके

महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक प्रकाश

गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे