बिहार

मासूम की मौत के बाद हिंसक बवाल, पुलिस पर पथराव; तीन वाहन फूंके

अररिया, रंजीत ठाकुर : बसमतिया थाना क्षेत्र के बेला पंचायत अंतर्गत भैरोगंज एसएसबी कैंप के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। कार की ठोकर से पांच वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार और उसके चालक को पकड़कर एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के कमरे में बंद कर दिया। करीब सात घंटे तक चालक बंधक बना रहा। देर रात चालक को मुक्त कराने पहुंची पुलिस पर उग्र भीड़ ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि डायल-112 वाहन समेत तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे उत्तर दिशा से आ रही लाल रंग की कार (बीआर 38 एल 7180) ने बेला पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी मोहम्मद रोजित के पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद अली को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कार और चालक को पकड़ लिया तथा चालक को एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के कमरे में बंद कर शटर गिरा दिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद बसमतिया थाना पुलिस के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार को सूचना दी गई। उन्होंने तत्काल अररिया एसपी जितेंद्र कुमार को घटना से अवगत कराया। इसके बाद देर रात करीब 10 बजे जिले के विभिन्न थानों से पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। नरपतगंज बीडीओ अजीत कुमार एवं सीओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और स्थिति को शांत कराने में जुटे रहे।इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उपद्रवियों ने घूरना थाना के डायल-112 वाहन में आग लगा दी। वहीं, फुलकाहा थाना की एक सरकारी बाइक और एक निजी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। बसमतिया थाना के डायल-112 वाहन समेत पुलिस के अन्य वाहनों को भी पथराव और लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

हमले में फुलकाहा थाना के एसआई बसंत कुमार सिंह एवं विनोद कुमार सिंह, बसमतिया थाना के एएसआई वीरेंद्र कुमार यादव, महिला सिपाही सरिता कुमारी, नैनलता कुमारी एवं रानी कुमारी, संतोष कुमार तथा घूरना थाना के डायल-112 चालक अजित कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार, घटना में करीब आधा दर्जन ग्रामीण भी चोटिल हुए हैं।

हालात बिगड़ने की सूचना दोबारा अररिया एसपी जितेंद्र कुमार एवं 56वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय के कमांडेंट को दी गई। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में दुकान का शटर खुलवाकर बंधक बनाए गए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में लेकर बसमतिया थाना पहुंचाया। घटना के बाद गिरफ्तारी की आशंका से गांव के कई युवक घर छोड़कर चले गए।

इधर, शनिवार सुबह करीब 10 बजे बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मृत बालक के घर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।

एसडीपीओ ने कहा, विधि-सम्मत होगी कार्रवाई

फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे भारत-नेपाल सीमा से सटे भैरोगंज के समीप चारपहिया वाहन की ठोकर से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने वाहन चालक को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर आसपास के थानों की पुलिस के साथ वे भी घटनास्थल पर पहुंचे। चालक को एक कमरे में सुरक्षित रखा गया था। उसे मुक्त कराने के दौरान ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक चारपहिया वाहन और दो पुलिस वाहनों को आग लगाकर क्षतिग्रस्त किया गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है। घटनास्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। मामले में दोषियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, हिंसक घटना में शामिल करीब 40 लोगों को नामजद तथा 100 से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related posts

महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक प्रकाश

गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे

जज कॉलोनी में खुले मैनहोल दे रहे हादसों को न्योता, नगर परिषद की लापरवाही से खतरे में लोगों की जान