फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ के कई मोहल्लों में अब रात के अंधेरे के बजाय दिन के उजाले में भी चोरी की घटनाएं होने लगी हैं. स्मैक, गांजा और शराब के नशे के आदी हो चुके कुछ नाबालिग लड़के मौका देखकर खुले दरवाजे वाले घरों में घुस जाते हैं और जो सामान हाथ लगता है, उसे लेकर फरार हो जाते हैं. मुनीर कॉलोनी में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जहां घर का दरवाजा खुला देखकर एक नाबालिग चोर अंदर घुस गया और बाल्टी समेत कई घरेलू सामान तथा पिंजरे में बंद तोता लेकर भाग गया.
मो तनवीर ने बताया कि दोपहर के समय घर के लोग छत पर धूप का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान नीचे गलियारे का दरवाजा खुला रह गया. घर के लोगों की नजर से बचकर चोर अंदर पहुंच गया और रोजमर्रा के काम आने वाले कई सामान समेट लिए. इसके बाद वह पिंजरे में बंद तोते को भी लेकर फरार हो गया. जब परिवार के लोगों को सामान और तोता गायब होने की जानकारी मिली तो वे काफी परेशान हो गए.परिवार के लोगों के लिए तोता केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि घर का सदस्य था. उसके गायब होने से हुई पीड़ा यह बताती है कि चोरी में सामान की कीमत ही नहीं, उससे जुड़ी भावनाएं भी प्रभावित होती हैं. पुलिस और समाज को ऐसी घटनाओं को छोटी चोरी समझकर नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते रोकने की जरूरत है.
तोते के गायब होने से परिवार के लोग खासे गमगीन हैं. उन्हें चिंता सता रही है कि कहीं चोर ने तोते को मारकर फेंक तो नहीं दिया या नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से बेच तो नहीं दिया. परिवार के लोग पिंजरे सहित तोता लेकर भागने वाले चोर की तलाश कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्लों में कभी मोबाइल तो कभी घर के अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. खिड़की या दरवाजा खुला देखकर ऐसे लड़के घर में घुस जाते हैं और सामान लेकर चंपत हो जाते हैं. कई बार चोरी करने वाले आसपास के मोहल्ले के ही पुराने परिचित लड़के होते हैं, जो देखने में मासूम लगते हैं, लेकिन नशे की लत के कारण चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
छोटी चोरी को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि छोटे-मोटे सामान की चोरी होने पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई नहीं करती. बड़ी चोरी की घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज होती है, लेकिन घर से बाल्टी, घरेलू सामान या अन्य छोटी चीजें चोरी होने पर लोग शिकायत करने से भी कतराते हैं. उनका मानना है कि छोटी चोरी को नजरअंदाज करने से ऐसे लड़कों का मनोबल बढ़ता है और धीरे-धीरे वे बड़े अपराधों की ओर बढ़ सकते हैं.
लोगों का कहना है कि नशे की लत से जूझ रहे नाबालिगों की पहचान कर उन्हें रोकने, परिवारों को जागरूक करने और पुलिस की नियमित निगरानी की जरूरत है. समय रहते ऐसे मामलों पर ध्यान नहीं दिया गया तो छोटी-मोटी चोरी करने वाले यही लड़के आगे चलकर गंभीर अपराधों में शामिल हो सकते हैं.
घर का दरवाजा खुला छोड़ने से बचें
मुनीर कॉलोनी की घटना ने एक बार फिर घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों से अपील है कि घर के अंदर या छत पर रहने के दौरान भी मुख्य दरवाजा और गलियारे का प्रवेश द्वार खुला न छोड़ें. थोड़ी सी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर घर में घुस सकते हैं और कीमती सामान के साथ परिवार की भावनाओं से जुड़ी चीजें भी लेकर भाग सकते हैं।
