बिहार

बेहतर इलाज की राह खोलेंगे वैज्ञानिक शोध, एम्स पटना में डॉक्टरों को सिखाए गए नई दवाओं की जांच के तरीके

फुलवारीशरीफ, अजीत। मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए केवल नई दवाएं बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि यह जानना भी जरूरी है कि दवा कितनी असरदार है और मरीजों पर उसका क्या प्रभाव पड़ता है. इसी उद्देश्य से एम्स पटना में शुक्रवार को नैदानिक परीक्षण यानी क्लिनिकल ट्रायल की आधुनिक पद्धतियों पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें युवा चिकित्सकों और शोधार्थियों को नई दवाओं और उपचार के तरीकों की वैज्ञानिक जांच करने की जानकारी दी गई.

एम्स पटना के औषधि विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला का उद्घाटन संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया. यह आयोजन काशीफार्माकॉन-2026 के तहत किया गया. कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से किए गए परीक्षण से यह पता चलता है कि कोई दवा या इलाज मरीजों के लिए कितना उपयोगी और सुरक्षित है. इससे डॉक्टरों को सही इलाज चुनने में मदद मिलती है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का रास्ता खुलता है.

शोध से ही इलाज की गुणवत्ता में होगा सुधार

उद्घाटन के दौरान प्रो. डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में भरोसेमंद जानकारी जुटाने और बेहतर उपचार विकसित करने के लिए वैज्ञानिक शोध बेहद जरूरी है. नैदानिक परीक्षण के माध्यम से दवाओं और उपचार की प्रभावशीलता का सही आकलन किया जा सकता है. इससे प्रमाण के आधार पर इलाज करने की व्यवस्था मजबूत होती है. उन्होंने युवा चिकित्सकों और शोधार्थियों से शोध के क्षेत्र में आगे आने तथा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन करने का आह्वान किया.

कार्यशाला का आयोजन औषधि विज्ञान विभाग के प्रमुख एवं अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार मांझी के नेतृत्व में किया गया. वे काशीफार्माकॉन-2026 के संयोजक भी हैं.

अलग-अलग तरह के परीक्षण की दी गई जानकारी

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दवाओं और उपचार की जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली आधुनिक शोध पद्धतियों की जानकारी दी. इसमें फैक्टोरियल ट्रायल, नॉन-इन्फीरियोरिटी ट्रायल, क्लस्टर-रैंडमाइज्ड ट्रायल और अडैप्टिव ट्रायल डिजाइन पर विस्तार से चर्चा हुई. इन पद्धतियों के माध्यम से शोधकर्ता अलग-अलग परिस्थितियों में दवाओं और इलाज के परिणामों का आकलन कर सकते हैं.

विशेषज्ञ वक्ताओं में एम्स पटना की प्रो. डॉ. प्रज्ञा कुमार, बेंगलुरु के सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज के औषधि विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. डेनिस जेवियर और एम्स राजकोट के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. विकास महर्षि शामिल थे. प्रो. डेनिस जेवियर ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर क्लस्टर ट्रायल डिजाइन की जानकारी दी.

किताबों से आगे बढ़कर मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

कार्यशाला में केवल व्याख्यान ही नहीं हुए, बल्कि प्रतिभागियों को समूह में काम करने, व्यावहारिक अभ्यास करने और विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछने का अवसर भी मिला. उन्हें बताया गया कि शोध के दौरान किस तरह की पद्धति अपनानी चाहिए और प्राप्त जानकारी का सही तरीके से विश्लेषण कैसे किया जाए.

प्रतिभागियों की समझ और सीखने की क्षमता का आकलन करने के लिए कार्यशाला शुरू होने से पहले और समाप्त होने के बाद परीक्षा भी ली गई. इससे प्रशिक्षण के दौरान उनकी जानकारी में हुए बदलाव का आकलन किया गया.

कार्यशाला में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चिकित्सा शोध करते समय सही पद्धति का चुनाव, वैज्ञानिक गुणवत्ता और नैतिक नियमों का पालन बेहद जरूरी है. किसी भी परीक्षण का उद्देश्य मरीजों के हित और बेहतर उपचार की दिशा में होना चाहिए.

इस आयोजन में विभिन्न विभागों और संस्थानों के चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने भाग लिया. औषधि विज्ञान विभाग ने कार्यशाला को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संस्थान के कार्यकारी निदेशक, अधिष्ठाताओं, विशेषज्ञ वक्ताओं, प्रतिभागियों, रेजिडेंट चिकित्सकों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts

महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि : दीपक प्रकाश

गुणवत्तापूर्ण बीज से बढ़ेगा गन्ने का रकबा, 40 बीज उत्पादक हर साल तैयार करेंगे करीब दो करोड़ पौधे

जज कॉलोनी में खुले मैनहोल दे रहे हादसों को न्योता, नगर परिषद की लापरवाही से खतरे में लोगों की जान