बख्तियारपुर, (न्यूज़ क्राइम 24) बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रवाईच गांव निवासी 22 वर्षीय गौरव उर्फ गोलू पिछले करीब 40 घंटे से लापता हैं। काफी खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। शनिवार दोपहर घोसवरी गंगा घाट के समीप उनकी हंटर बाइक लावारिस हालत में मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गौरव उर्फ गोलू 19 नवंबर की शाम करीब 5:20 बजे अपनी बाइक से घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश की, लेकिन उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार गौरव के पिता अजय कुमार सिंह ने 20 नवंबर की सुबह बख्तियारपुर थाने में लिखित आवेदन देकर बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
शनिवार दोपहर घोसवरी गंगा घाट के पास गौरव की बाइक मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। बाइक मिलने के बावजूद गौरव का कोई पता नहीं चल सका है। युवक के लापता होने और गंगा घाट के समीप बाइक मिलने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं।
इस मामले में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस लापता गौरव की तलाश में लगातार जुटी हुई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी और खोजबीन की जा रही है। मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। फिलहाल पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर गौरव की तलाश में जुटी है।
