बिहार

पटना में साइबर अपराधियों के ठिकानों पर एसटीएफ की बड़ी छापेमारी, कई अपार्टमेंट में एक साथ सर्च ऑपरेशन

फुलवारीशरीफ, अजीत। राजधानी पटना में साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बुधवार को पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है. एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमें शहर के कई इलाकों में बड़े-बड़े अपार्टमेंट और संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं. अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हलचल मची हुई है. पुलिस की टीमें अपार्टमेंट में रहने वाले संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ उनके ठिकानों की सघन तलाशी ले रही हैं।

जानकारी के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में करीब 30 से 32 संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है. तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं. पुलिस की अलग-अलग टीमें साइबर ठगी के इस नेटवर्क के संचालन, उसके मास्टरमाइंड और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।

पुलिस की एक टीम ने राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में छापेमारी की. वहीं बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट और पत्रकार नगर के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसके अलावा पाटलिपुत्र गोलंबर के पास डॉक्टर निगम प्रकाश के बगल स्थित परिसर में भी एसटीएफ की टीम ने दबिश दी है।

छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारी संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं और उनके ठिकानों से मिले दस्तावेजों की जांच की जा रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से मिली जानकारी के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन अपार्टमेंटों से साइबर अपराध का संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पटना के कई इलाकों में छापेमारी जारी है. पुलिस की ओर से ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी और बरामद सामान को लेकर आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. जांच पूरी होने के बाद ही इस नेटवर्क के वास्तविक दायरे और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts

पटना सिटी में 20 नवंबर को धूमधाम से मनेगा श्री श्याम जन्मोत्सव, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, राज्य भर में 30 से अधिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में औचक निरीक्षण

पटना सिटी रेड क्रॉस भवन में ब्लड बैंक और डायलिसिस सेवा शुरू कराने की पहल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन