बिहार

अगलगी में दो परिवारों के घर और दुकान जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

अररिया, रंजीत ठाकुर। फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र की अड़राहा पंचायत के वार्ड संख्या-03 में बीती रात अचानक आग लगने से दो परिवारों के घर और दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में सविता देवी, पति मनीष साह और अब्दुल गफार के घर एवं दुकान में रखे सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना में दोनों परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।अचानक हुई इस अगलगी के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घर और दुकान में रखे जरूरी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अग्निकांड की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आग की घटना ने दोनों परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। ऐसे समय में पीड़ितों को तत्काल सरकारी सहायता मिलनी चाहिए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सकें। सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव ने इस संबंध में अंचलाधिकारी से बातचीत कर अग्निकांड में हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने तथा दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और आकस्मिक आपदाओं में गरीब परिवारों की पूरी जमा-पूंजी समाप्त हो जाती है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों तक सरकारी सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए। पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव, पैक्स अध्यक्ष कौशल यादव, निशा वाणी, वकील सरदार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts

नेपाल से शराब लेकर भारतीय सीमा में घुसते ही दो तस्कर गिरफ्तार, 32.7 लीटर नेपाली शराब बरामद!

पत्रकार आदित्य गिरी के पिता का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी